1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Modi in Australia
Written By

ऑस्ट्रेलिया में बसे भारतीयों के लिए गर्वभरा दिन...(देखिए फोटो)

Modi in Australia
रेखा राजवंशी सिडनी, ऑस्ट्रेलिया

17 नवम्बर 2014, सिडनी के प्रवासी भारतीयों, भारतीय विद्यार्थियों और सभी साउथ एशियन देशों के लिए एक गर्व का दिन था। भारतीय प्रधानमंत्री मोदी जी का भाषण सुनने बीस हज़ार से भी अधिक संख्या में लोग आल्फोंस एरिना में एकत्रित हुए।


बहुत से ऑस्ट्रेलियन भी मोदी जी को सुनने के लिए उपस्थित थे। कार्यक्रम स्थल के बाहर ढोल नगाड़े बज रहे थे, रंगारंग कार्यक्रम हो रहे थे और लोग लाइनों में लग कर अपनी बारी का इंतज़ार कर रहे थे।

मुख्य भाषण के पहले भारतीय हाई कमीशन ने समुदाय के चार सौ गणमान्य लोगों को मोदी जी के साथ मिलने के लिए बुलाया था। उस समय मुख्य हॉल में लोगों के लिए एक घंटे का सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था, इस रंगारंग कार्यक्रम में भारत के अनेकों राज्यों के नृत्य और गीत सम्मिलित थे।

उसके बाद मोदी जी के मंच पर आने से पहले न्यू साउथ वेल्स के माइक बेयर्ड तथा अन्य एम पी मंच पर आए, फिर जब प्रधानमंत्री मोदी मंच पर आए, तो लोगों ने मोदी-मोदी और भारत माता की जय के नारों के साथ अत्यंत जोश से उनका स्वागत किया।


एक वृद्ध कार्टूनिस्ट रमेश चन्द्र, जिन्हें कैंसर है, को भी मोदी से मिलने का वसर दिया गया, क्योंकि एक टी वी चैनल पर उन्होंने प्रधानमंत्री से मिलने की हार्दिक इच्छा व्यक्त की थी। भारतीय, स्थानीय भारतीय और राष्ट्रीय मीडिआ और लोगों से खचखच भरे हॉल में प्रधानमंत्री ने भाषण शुरू किया।

उन्होंने विवेकानंद के उदाहरण के साथ भाषण का प्रारम्भ किया और जिन मुख्य बिन्दुओं पर बात की उनमें थे स्वच्छ भारत अभियान, गरीबों के लिए छब्बीस जनवरी तक बैंक अकाउंट खोलना, भारत से टीचिंग और नर्सिंग का निर्यात, भारतीय रेल उद्योग में प्राइवेट इन्वेस्टमेंट का आमंत्रण, चार ऐसे विश्वविद्यालयों का निर्माण, जिसमें लोगों को रेलवे के लिए प्रशिक्षण दिया जा सके, भारत में सुलभ शौचालयों का निर्माण आदि।

उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीयों के लिए ओ सी आई और पी आई ओ कार्ड की जगह एक कार्ड इशू किया जाएगा। इसके अलावा 'वीसा ऑन अराइवल' की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। अब पहले की तरह पासपोर्ट के लिए पुलिस आइडेंफिकेशन के लिए थाने नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने ये भी कहा सिडनी में शीघ्र एक सांस्कृतिक सेंटर बनाया जाएगा जाएगा। लोगों की करतल ध्वनि और शोर के साथ उन्होंने अपने भाषण का समापन किया।