• Webdunia Deals
Candidate Name शत्रुघ्न सिन्हा
State West Bengal
Party All India Trinamool Congress
Constituency Asansol
Candidate Current Position MP

shatrughana sinha : हिन्दी सिनेमा के अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा (Shatrughana Sinha)  ने भाजपा से राजनीति की शुरुआत की। 28 साल भाजपा में रहे। उसके बाद 3 साल कांग्रेस के साथ और अब टीएमसी में हैं। सिन्हा आसनसोल सीट से लोकसभा सांसद हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में टीएमसी ने आसनसोल से श‍‍त्रुघ्न सिन्हा को मैदान में उतारा है। भोजपुरी कलाकार पवन सिंह के आसनसोल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने से इंकार करने के बाद भाजपा ने एसएस अहलुवालिया को यहां से टिकट दिया है। 

TMC ने आसनसोल लोकसभा उपचुनाव में शत्रुघ्न को मैदान में उतारा, जो बाबुल सुप्रियो के इस्तीफे से खाली हुई थी। सुप्रियो भाजपा छोड़ तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे। सिन्हा अटलबिहारी सरकार में मंत्री रहे। जयप्रकाश नारायण से प्रभावित सिन्हा ने तीन दशकों तक हिन्दी फिल्मों में अभिनय किया। 
 
राजनीतिक जीवन : फिल्मी दुनिया में शॉटगन के नाम से मशहूर शत्रुघ्‍न सिन्‍हा 1996 से 2008 तक राज्यसभा में भाजपा सांसद रहे। 2003 से 2004 के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री रहे। 2004 में अटल सरकार में जहाजरानी मंत्री बने। 2009 में पहली बार पटना साहिब से लोकसभा पहुंचे। 2009 में उन्‍हें परिवहन, पर्यटन और संस्‍कृति समिति का सदस्‍य बनाया गया। 2014 में दोबारा पटना साहिब से लोकसभा सांसद चुने गए।
 
कांग्रेस में लगातार हारे : 28 साल भाजपा में रहने के बाद शत्रुघ्न सिन्हा पटना साहिब से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े, लेकिन हार गए। भाजपा पर शत्रुघ्न इतने भड़के कि बेटे लव सिन्हा को कांग्रेस के टिकट पर भाजपा के नितिन नवीन के खिलाफ बांकीपुर से चुनाव लड़वाया, लेकिन बेटे की भी हार हो गई। शत्रुघ्न की पत्नी पूनम सिन्हा केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के खिलाफ सपा के टिकट पर लखनऊ से चुनाव लड़ी और हार गईं।
 
जन्म और शिक्षा : शत्रुघ्‍न सिन्‍हा का जन्‍म 15 जुलाई 1946 को बिहार के पटना में  हुआ। उन्‍होंने पटना विज्ञान कॉलेज से स्‍नातक की पढ़ाई की है। पढ़ाई के बाद उन्‍होंने  मुंबई फिल्म जगत की ओर रुख किया और सफलता प्राप्त की। 
 
पारिवारिक पृष्‍ठभूमि : शत्रुघ्न सिन्हा के पिता का नाम भुवनेश्वरी प्रसाद सिन्हा, माता का नाम श्यामा देवी है। शत्रुघ्‍न की पत्‍नी का नाम पूनम सिन्‍हा है। उनके दो पुत्र हैं जिनका नाम लव और कुश है और पुत्री का नाम सोनाक्षी सिन्‍हा है, जो कि बॉलीवुड  की जानी-मानी अभिनेत्री हैं।