किस किसको प्यार करूं 2 का नया पोस्टर आया सामने, कपिल शर्मा के साथ फिर दिखीं मिस्ट्री दुल्हन
बॉलीवुड एक्टर कपिल शर्मा जल्द ही फिल्म 'किस किसको प्यार करूं 2' में नजर आने वाले हैं। बीते दिनों ईद के मौके पर कपिल ने इस फिल्म का ऐलान करते हुए फर्स्ट लुक पोस्टर शेयर किया था। इस पोस्टर में वह सेहरा बांधे दुल्हा बने नजर आ रहे थे।
पोस्टर में कपिल एक निकाह समारोह के सेटअप में रहस्यमयी महिला के साथ पोज देते दिखे थे। वहीं अब राम नवमी के मौके पर 'किस किसको प्यार करूं 2' का दूसरा पोस्टर रिलीज किया गया है। इस पोस्टर में कपिल एक बार फिर दूल्हा बने दिख रहे हैं। हालांकि इस बार शादी का सेटअप हिंदू रीति रिवाज के अनुसार है।
पोस्टर में कपिल शर्मा सफेद और लाल रंग की शेरवानी पहने नजर आ रहे हैं। उन्होंने माथे पर तिलक लगा रखा है और गले में वरमाला पहनी हुई है। कपिल के साथ गुलाबी रंग का लहंगा पहने दूल्हन भी नजर आ रही है। हालांकि दुल्हन ने अपना चेहरा घूंघट से छुपाया हुआ है।
इस पोस्टर को शेयर करते हुए कपिल शर्मा ने कैप्शन में लिखा, 'आप सभी को श्री राम नवमी की हार्दिक शुभकामनाएं।' इस पोस्टर के सामने आने के बाद फैंस अंदाजा लगा रहे हैं कि कपिल शर्मा इस बार मुस्लिम और हिंदू दूल्हा बने नजर आएंगे।
फिल्म 'किस किसको प्यार करूं 2' के लिए कपिल शर्मा वीनस और अब्बास-मस्तान के साथ आए हैं। फिल्म का निर्देशन अनुकल्प गोस्वामी कररहे हैं। वहीं रतन जैन, गणेश जैन और अब्बास मस्तान इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं।