गुरुवार, 14 अगस्त 2025
  1. खेल-संसार
  2. विश्व कप क्रिकेट 2015
  3. रिकॉर्ड
  4. World cup 2015, Team in world cup,
Written By

विश्व कप 2015 : विश्वकप में कौन सी टीम कितनी शक्तिशाली

World cup 2015
विश्वकप 2015 में यूं तो कई टीमें हैं जो इस विश्वकप की बड़ी दावेदार हैं, लेकिन कुछ टीमें ऐसी भी हैं जो इन परिस्थितियों में अपने प्रदर्शन से लोगों को चौकानें का माद्दा रखती हैं। विश्वकप में शामिल हो रहीं टीमों की स्ट्रेंथ के बारे में हम आपको बताने जा रहे हैं। तो आइए जानते हैं। 

विश्वकप की जांबाज टीमें
 
ऑस्ट्रेलियाः यह विश्वकप की विध्वंसक टीम है। बॉलिंग- बैटिंग में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। हर खिलाड़ी गेंदबाजी के साथ अच्छी बल्लेबाजी भी कर सकता है। इस बार विश्वकप ऑस्ट्रेलिया महाद्वीप की सरज़मी पर खेला जा रहा है। घरेलू माहौल में इस टीम को सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है।

 स्टार खिलाड़ीः  डेविड वार्नर, मिचेल जॉनसन, स्टीव स्मिथ
 
न्यूजीलैंडः ऑस्ट्रेलिया के साथ सह-मेजबान न्यूजीलैंड इस विश्वकप में दूसरी बड़ी दावेदार टीम मानी जा रही है। अभी तक खेले गए विश्वकप में नॉकआउट स्टेज तक बढ़िया खेल दिखाने वाली न्यूजीलैंड बड़े मैचों में अपना संतुलन खो देती है। लेकिन, हाल ही में न्यूजीलैंड एक बड़ी टीम के रूप में उभरी है। अभ्यास मैच में दक्षिण अफ्रीका सरीखी टीम को धूल चटाने वाली न्यूजीलैंड से 1992 के विश्वकप जैसे ही चमत्कार की उम्मीद की जा रही है। यह एक बढ़िया टीम है और बेहतरीन फॉर्म में है। 
 
स्टार खिलाड़ी- ब्रेंडन मैक्कुलम, कोरी एंडरसन, कीन विलियम्सन

दक्षिण अफ्रीकाः बड़े मैचों में हमेशा असफल हो जाती है। लेकिन, कागजों में इससे बेहतरीन टीम कोई नहीं है। हाल ही में इस टीम ने बड़ा गजब का प्रदर्शन किया है। इस लिहाज से यह विश्वकप की तीसरी बड़ी दावेदार टीम मानी जा रही है। चोकर्स का दाग मिटाना द.अफ्रीका के लिए सबसे बड़ा चैलेंज होगा। 
 
स्टार खिलाड़ीः एबी डिविलियर्स, डेल स्टेन, क्वींटन डी कॉक 
 
इंडिया(भारत): खेल में अनिरंतरता है। बैटिंग में गहराई है, और कई बढ़िया चेहरे भी हैं जो अकेले दम पर टीम को जीत दिलाने का माद्दा रखते हैं। गेंदबाजी बहुत बड़ी समस्या है। गेंदबाजी का हाल बेहद बुरा है ये हाल की सीरीज में ही देखा जा चुका है। कप्तान धोनी की फॉर्म भी बहुत बड़ी चिंता है। लेकिन 2011 के बाद भारत का प्रदर्शन अच्छा रहा है, इसलिए ये कहा जा सकता है कि भारत एक बड़ी टीम के रूप में इस विश्वकप में उभर सकती है। 
 
स्टार खिलाड़ीः विराट कोहली, रोहित शर्मा, एम.एस. धोनी 
 
इंग्लैंडः भारत की तरह ही इंग्लैंड भी अपने खेल की निरंतरता से जूझ रहा है। पूरी टीम नए चेहरों से भरी पड़ी है। ऐसे में कुछ एक्का-दु्क्का चेहरे ही हैं जिनपर ज्यादा जिम्मेदारी है। लेकिन, गेंदबाजी विभाग बेहद उम्दा है। ऐसे में इंग्लैंड की दावेदारी को नकारा नहीं जा सकता।
 
स्टार खिलाड़ीः जेम्स एंडरसन, इयोन मॉर्गन, जौस बटलर 
 
पाकिस्तानः हमेशा की तरह इस बार फिर भी टीम में बढ़िया खिलाड़ी हैं। टीम अगर एक पंक्ति में साथ मिलकर खेली तो इस टीम को हराना नामुमकिन है। 
 
स्टार खिलाड़ीः मिस्बाह-उल-हक, शाहिद अफरीदी, उमर अकमल
 
 
श्रीलंकाः तेज और उछाल भरी पिचों पर बहुत ज्यादा जूझती नजर आती है। कुछ पुराने खिलाड़ियों को छोड़ दें तो बल्लेबाजी में गहराई खत्म हो जाती है। बावजूद कब कमाल दिखा दे कहा नहीं जा सकता। गेंदबाजी और बल्लेबाजी में अद्भुत तालमेल है।
 
स्टार खिलाड़ीः महेला जयवर्धने, कुमार संगाकारा, इंजलो मैथ्यूज, लसिथ मलिंगा 
 
ये भी हैं कतार में... 
 
वेस्टइंडीजः कुछ प्रमुख खिलाड़ियों का विश्वकप टीम में शामिल ना होना कहीं ना कहीं उनके टीम के विश्वकप मिशन को लेकर कई आशंकाओं को जन्म दे चुका है। बावजूद कई मैच जिताऊ खिलाड़ी टीम में मौजूद हैं। दो बार की विश्वकप विजेता टीम चमत्कार कर सकती है।            
          
स्टार खिलाड़ीः क्रिस गेल, ड्वेन स्मिथ, मर्लोन सैम्युअल्स 
 
बांग्लादेशः यह टीम उलटफेर के लिए जानी जाती है। और कहीं ना कहीं पिछले कुछ सालों में ज्यादा सशक्त हो चुकी है। अगर यह बड़ी टीम को पटखनी दे दे तो हैरत मत करिएगा। 
 
स्टार खिलाड़ीः शाकिब अल हसन, तमीम इकबाल