साइना की ट्रंप जीत, अवध ने दिल्ली को दी शिकस्त
लखनऊ। विश्व की नंबर दो खिलाड़ी साइना नेहवाल ने अपने पैर की चोट से उबरते हुए खेलने का फैसला किया और अपने ट्रंप मैच में पीसी तुलसी को आसानी से 15-9,15-10 से पराजित कर दिया। साइना की शानदार जीत से अवध वॉरियर्स ने दिल्ली एसर्स को प्रीमियर बैडमिंटन लीग (पीबीएल) में सोमवार को 4-3 से हरा दिया।
बॉलीवुड स्टार और पीबीएल के ब्रांड एंबेसेडर अक्षय कुमार इस मुकाबले को देखने के लिए स्टेडियम में मौजूद थे। अवध वॉरियर्स ने मुंबई रॉकेट्स से अपना पहला मैच गंवाया था और इस मुकाबले में उसने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। अवध ने चार मैच तक 4-1 की अपराजेय बढ़त बना ली थी, लेकिन दिल्ली ने मिश्रित युगल का अपना ट्रंप मैच जीतकर हार का अंतर घटाकर 3-4 किया।
साइना पैर की चोट के कारण पहले मुकाबले में नहीं खेलीं थीं, लेकिन अपनी टीम के घरेलू कोर्ट पर साइना ने अपनी चोट को नजरअंदाज करते हुए उतरने का फैसला किया और 31 मिनट में अवध का ट्रंप मैच जीत लिया। साइना को हालांकि कोर्ट पर अपने मूवमेंट को लेकर कुछ परेशानी हो रही थी, लेकिन अपने विशाल अनुभव से उन्होंने तुलसी को टिकने नहीं दिया।
तुलसी पहले गेम में एक समय 5-3 से आगे थीं और फिर वे गलतियां करते हुए 5-10 से पिछड़ गईं। साइना ने पहला गेम 14 मिनट में जीतने के बाद मैच 31 मिनट में समाप्त कर दिया। साइना ने मैच के बाद कहा, मुझे खुशी है कि मैं अपनी टीम के घरेलू कोर्ट पर खेलने उतरी और साथ ही मैंने ट्रंप मैच भी जीता। तुलसी ने भी अच्छा खेल दिखाया।
दिल्ली एसर्स ने मुकाबले में अच्छी शुरुआत की और टामी सुगियार्तो ने अवध के एस तानोंगशाख को 37 मिनट में 15-13, 15-11 से हरा दिया। साइना ने दूसरा मैच जीतकर अवध की बढ़त 2-1 कर दी। तीसरे मैच में अवध के बोडिनइसारा और केई युन ने दिल्ली के कूकीट किएन और तान बून की जोड़ी को 38 मिनट में 15-12, 15-14 से हराकर अवध को 3-1 की बढ़त दिला दी।
चौथा मैच पुरुष एकल का था, जिसमें अवध के बी साई प्रणीत ने दिल्ली के राजीव ओसफ को 27 मिनट में 15-12, 15-9 से धोकर अवध को 4-1 से आगे कर दिया। पांचवां मैच मिश्रित युगल का था जो दिल्ली का ट्रंप मैच था।
मैच में दिल्ली के अक्षय देवालकर और गैब्रिएल एडकॉक ने शानदार खेल दिखाते हुए अवध के हेन्द्रा गुनावन और के मनीषा को 15-14, 13-15, 15-5 से हरा दिया। (वार्ता)