CSK की 7वीं लगातार हार, Thala For a Reason टीम को हुआ क्या?
चेन्नई सुपर किंग्स को अपनी लागातार सातवीं हार झेलनी पड़ी। पिछले सत्र के 4 और इस सत्र चेन्नई लगातार 3 मैच हार चुकी है। ऐसे में पिछली बार की तरह इस बार भी चेन्नई के 10वें स्थान की तैयारी के लिए खिलाड़ियों ने मंच बिछा दिया है। लेकिन ऐसी स्थिति हुई क्यों जबकि महेंद्र सिंह धोनी की जगह संजू सैमसन कीपर बल्लेबाज हैं जो टी विश्वकप के मैन ऑफ द टूर्नामेंट है।
इसकी तह में जाए तो कुछ चुनिंदा कारण समझ में आते हैं-
बड़े पर्स पर भी खराब नीलामी- चेन्नई सुपर किंग्स ने नीलामी से पहले रविंद्र जड़ेजा और संजू सैमसन को ट्रेड किया था। 18 करोड़ के इस सौदे के बाद भी चेन्नई 43 करोड़ रुपए लेकर नीलामी में उतरी थी। हालांकि उसने इस रकम का सही उपयोग नहीं किया।
बड़े बड़े खिलाड़ियो को छोड़कर टीम ने प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा पर 28.40 करोड़ (12.2*2) खर्च कर दिए। ऐसा नहीं है कि यह दोनों खराब खिलाड़ी है पर इन दोनों पर खर्च की गई रकम बहुत ज्यादा है क्योंकि अभी इन दो अनकैप्ड खिलाड़ियों को खुद को साबित करना है।
चेन्नई सुपर किंग्स ने विदेशी खिलाड़ियो में भी मैट हैनरी और जेमी ओवरटन लिए हैं जो कि इस प्रारुप के बहुत बड़े नाम नहीं है। गेंदबाजी विभाग में टीम ने नूर अहमद के लिए भी खूब पैसे खर्च किए लेकिन नतीजा सबसे सामने है।
Image Source : Spencer Johnson Instagram
चोटिल होते खिलाड़ियों की लंबी लिस्ट- पहले महेंद्र सिंह धोनी की पिंडली में लगी चोट के कारण टीम का थिंक टैंक किंकर्तव्यविमूढ हो गया। उसके बाद चेन्नई के नीलामी में खरीदे गए ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नेथन एलिस चोटिल हो गए तो टीम ने उनके ही हमवतन तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन को टीम में जोड़ा। लेकिन वह भी चोटिल होकर स्वदेश बैठ गए। गरीबी में आटा गील तो तब हुआ जब मध्यक्रम का एक भरोसेमंद और तेज खेलने वाला बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस भी चोटिल हो गया।
ऋतुराज गायकवाड़ की खराब कप्तानी- ऋतुराज गायकवाड़ ने बहुत से ऐसे फैसले लिए जिनसे यह मालूम होता है कि अब चेन्नई को नए कप्तान की जरुरत है। पहले मैच में टीम को बमुश्किल 10 पार ले जाने वाले जेमी ओवरटन को ड्रॉप कर दिया। इसके बाद अच्छी गेंदबाजी कर रहे खलील अहमद को गेंदबाजी कोटा पूरा नहीं करने देना।
खराब सलामी बल्लेबाजी- संजू सैमसन भले ही टी विश्वकप के मैन ऑफ द टूर्नामेंट है लेकिन इस आईपीएल में उनका बल्ला नहीं चल रहा है जिससे चेन्नई को वह शुरुआत नहीं मिल रही है। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ का फॉर्म तो उनसे भी खराब चल रहा है। मध्यक्रम में शिवम दुबे भी सिर्फ बल्ला भांज रहे हैं। ऐसे में टीम की बल्लेबाजी सबसे कमजोर कड़ी लग रही है।
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम....
और पढ़ें