पीवी सिंधू की हार, श्रीकांत क्वार्टर फाइनल में
लखनऊ। मलेशिया मास्टर्स चैंपियन और तीसरी सीड भारत की पीवी सिंधू को सैयद मोदी इंटरनेशनल ग्रां प्री बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में गुरुवार को सनसनीखेज हार का सामना करना पड़ा, जबकि पुरुषों में शीर्ष वरीयता प्राप्त किदांबी श्रीकांत ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
मलेशिया मास्टर्स का खिताब जीतकर इस टूर्नामेंट में उतरीं सिंधू को दूसरे दौर में थाईलैंड की निचोन जिंदापोन ने एक घंटे 28 मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 18-21, 26-24, 21-17 से हरा दिया।
विश्व में 12 वें नंबर की खिलाड़ी सिंधू के पास 27वें नंबर की थाई खिलाड़ी के खिलाफ जीत हासिल करने का पूरा मौका था लेकिन निर्णायक क्षणों में की गई गलतियों से सिंधू के हाथ से यह मौका निकल गया।
पहला गेम 21-18 से जीतने के बाद सिंधू दूसरे गेम में एक समय 14-8 और 19-17 की बढ़त पर थीं लेकिन थाई खिलाड़ी ने 19-19 से बराबरी की। सिंधू के पास इसके बाद पांच बार मैच अंक थे लेकिन थाई खिलाड़ी ने हर बार मैच अंक बचाया और 23-24 के स्कोर पर लगातार तीन अंक लेकर दूसरा गेम 26-24 से जीत लिया। निर्णायक गेम में थाई खिलाड़ी ने लगातार बढ़त बनाते हुए 21-17 से जीत हासिल की और क्वार्टर फाइनल में स्थान बना लिया।
टाप सीड श्रीकांत ने मलेशिया के इस्कंदर जुल्कारनैन जैनुद्दीन को मात्र 32 मिनट में 21-9, 21-12 से पीटकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की छठी सीड जोड़ी महिला युगल तथा प्रणब चोपड़ा और अक्षय देवालकर की पुरुष युगल जोड़ी भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है।
श्रीकांत का क्वार्टर फाइनल में मलेशिया के गोह सून हुआत के साथ मुकाबला होगा। विश्व में नौवें नंबर के खिलाड़ी श्रीकांत पहली बार 53वें नंबर के खिलाड़ी हुआत से भिड़ेंगे।
ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की छठी सीड जोड़ी ने हमवतन जोड़ी निंग्शी हजारिका और हरिका वेलुदुरती को 21 मिनट में 21-9, 21-10 से धो दिया। उनका अगला मुकाबला थाईलैंड की पुतिता सुपाजिराकुल और सप्सिरी तेराथनचई की जोड़ी से होगा।
पुरुष युगल में प्रणब और अक्षय ने एक बड़ा उलटफेर करते हुए पांचवीं सीड इंडोनेशियाई जोड़ी अंगा प्रात्मा और रिकी सुवार्दी को 30 मिनट में 21-13, 21-14 से हराकर एक बड़ा उलटफेर कर दिया। उनके सामने अब क्वार्टर फाइनल में डेनमार्क के मैड्स कोनराड पीटरसन और मैड्स पीलर कोल्डिंग की तीसरी सीड जोड़ी की चुनौती होगी। (वार्ता)