Last Modified: रायपुर ,
रविवार, 6 दिसंबर 2015 (21:33 IST)
हॉलैंड को हराकर भारत ने जीता कांस्य
रायपुर। भारत ने सांसों को रोक देने वाले बेहद रोमांचक मुकाबले में रविवार को गत चैंपियन हॉलैंड को पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से शूट कर एफआईएच वर्ल्ड हॉकी लीग फाइनल्स में कांस्य पदक हासिल कर लिया।
भारत और हॉलैंड के बीच निर्धारित समय तक मुकाबला 5-5 की बराबरी पर रहा। मेजबान और विश्व की छठे नंबर की टीम भारत से किसी को उम्मीद नहीं थी कि वह विश्व की दूसरे नंबर की टीम हॉलैंड को निर्धारित समय में बराबरी पर रोक पाएगी लेकिन कप्तान सरदार सिंह की सेना ने यह कारनामा कर दिखाया और फिर पेनल्टी शूटआउट में बाजी मारते हुए खचाखच भरे स्टेडियम में दर्शकों को जश्न मनाने का मौका दे दिया।
मेजबान भारत ने निश्चित रूप से गजब का प्रदर्शन करते हुए दुनिया की शीर्ष आठ टीमों के इस टूर्नामेंट में तीसरा स्थान हासिल किया। (वार्ता)