Last Updated :भुवनेश्वर , शनिवार, 7 नवंबर 2015 (14:48 IST)
हॉकी : अर्जेंटीना दौरे के लिए सीनियर महिला टीम का ऐलान
भुवनेश्वर। हॉकी इंडिया ने 18 से 30 नवंबर तक अर्जेंटीना के दौरे के लिए भारत की 18 सदस्यीय सीनियर महिला टीम का शनिवार को ऐलान कर दिया।
टीम की घोषणा यहां चल रहे राष्ट्रीय शिविर के दौरान की गई। इसकी अगुवाई रितुरानी करेगी जबकि दीपिका उपकप्तान होगी।
भारतीय महिला टीम ने इस साल दिल्ली में हॉकी विश्व लीग का दूसरा दौर जीता। इसके बाद तीसरे दौर में 5वें स्थान पर रही और 36 साल में पहली बार रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया।
भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच नील हागुड ने कहा कि टीम काफी समय से साथ में अभ्यास कर रही है। कोचों और सहयोगी स्टाफ की नई टीम काफी मेहनत कर रही है। ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने से टीम का मनोबल बढ़ा है और उम्मीद है कि हम अच्छा प्रदर्शन जारी रखेंगे।