रोनाल्डो ने दिया आलोचना का करारा जवाब
रियो डि जैनेरो। ब्राजील के महान फुटबॉलर रोनाल्डो ने रियल मैड्रिड क्लब के पूर्व कोच फैबियो कैपेलो की आलोचनाओं का करारा जवाब दिया है।
फुटबॉल से संन्यास ले चुके 39 वर्षीय रोनाल्डो ने कहा, कैपेलो 90 के दशक में महान कोच थे, लेकिन मैड्रिड में अपने दूसरे कोचिंग कार्यकाल के दौरान वे सातवें आसमान पर थे और प्रोत्साहित करने की अपनी क्षमता खो चुके थे। खिलाड़ियों के साथ उनका तालमेल नहीं था और मैड्रिड से जाने के बाद उन्हें कहीं और सफलता नहीं मिली।
कैपेलो ने इस सप्ताह दिग्गज खिलाड़ी रोनाल्डो की आलोचना करते हुए कहा था कि वर्ष 2006 में अभ्यास सत्र के दौरान रोनाल्डो का वजन काफी बढ़ चुका था, टीम पर उनका नकारात्मक प्रभाव पड़ता था।
रोनाल्डो ने 2002 से 2007 के बीच रियल मैड्रिड की तरफ से 127 मैचों में 83 गोल किए थे। (वार्ता)