शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Delhi Dynamos FC
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , गुरुवार, 3 दिसंबर 2015 (22:01 IST)

दिल्ली ने केरल से 3-3 से ड्रॉ खेला

Delhi Dynamos FC
नई दिल्ली। भारतीय खिलाड़ी शहनाज के अंतिम मिनट में किए गए गोल की मदद से दिल्ली डायनामोज एफसी ने गुरुवार को इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के दूसरे सत्र में केरल ब्लास्टर्स एफसी के साथ 3-3 से रोमांचक ड्रॉ खेला। 
 
पहले ही सेमीफाइनल का टिकट कटा चुकी दिल्ली की टीम ने यहां अपने घरेलू मैदान में धमाकेदार अंदाज में दोस सांतोस के सातवें मिनट में किए गए शानदार गोल की बदौलत केरल पर 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। हालांकि केरल की तरफ से क्रिस डेगनाल ने नौवें मिनट में ही बराबरी का गोल दागते हुए स्कोर 1-1 कर दिया। 
 
पहले हाफ में गोलों की बरसात के बीच केरल की तरफ से जोआओ कोयंबरा ने 30 वें मिनट में, जर्मन एंटोनियो ने 39वें मिनट में गोल किया जबकि दिल्ली की तरफ से 40वें मिनट में आदिल नबी ने गोल दागा।
 
दूसरे हाफ में जीत की ओर बढ़ रही केरल को मैच के आखिरी मिनट में शहनाज के एक बेहतरीन गोल की वजह से जीत से वंचित होना पड़ा और मुकाबला 3-3 से ड्रॉ समाप्त हुआ। 
 
दिल्ली ने अपने 13 वें लीग मैच से एक अंक हासिल कर अपने अंकों की संख्या 22 पहुंचा दी है जबकि अपना अंतिम लीग मैच खेलने वाली केरल के कुल 13 अंक रहे और वह तालिका में अंतिम स्थान पर रही। (वार्ता)