Last Updated :लखनऊ , शनिवार, 2 जनवरी 2016 (16:08 IST)
पर्वतारोही अरुणिमा ने हासिल की एक और विशिष्ट उपलब्धि
लखनऊ। कृत्रिम पैर के सहारे एवरेस्ट फतह करने वाली विश्व रिकॉर्डधारी पर्वतारोही अरुणिमा सिन्हा ने एक और अनोखी उपलब्धि हासिल करते हुए एशिया के बाहर सबसे ऊंची पर्वत चोटी माने जाने वाली माउंट अकोनकागुआ पर पहुंचने का भी कारनामा कर दिखाया है।
अरुणिमा ने ई-मेल के जरिए बताया कि उन्होंने अर्जेंटीना स्थित 6,962 मीटर ऊंची माउंट अकोनकागुआ पर्वत चोटी पर 25 दिसंबर 2015 को शाम 4.30 बजे पहुंचने में कामयाबी हासिल की और वहां तिरंगा फहराया।
अरुणिमा ‘मिशन 7 समिट’ के तहत अब तक दुनिया की 5 सबसे ऊंची पर्वत चोटियों पर पहुंच चुकी हैं और कृत्रिम पैर के सहारे ऐसा करने वाली वे दुनिया की पहली महिला बन गई हैं। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही बाकी 2 पर्वत चोटियों पर भी जीत हासिल करेंगी।
अरुणिमा ने बताया कि एशिया के बाहर सबसे ऊंची पर्वत चोटी माने जाने वाली अकोनकागुआ पर आरोहण के दौरान उनके सहयोगी ओमप्रकाश तथा गाइड के तौर पर मारिया भी मौजूद थे। उन्होंने 12 दिसंबर को अकोनकागुआ के लिए चढ़ाई शुरू की थी।
मालूम हो कि वर्ष 2011 में एक ट्रेन हादसे में अपना बायां पैर गंवाने के बाद अरुणिमा ने 21 मई 2013 को दुनिया को चौंकाते हुए कृत्रिम पैर के सहारे एवरेस्ट फतह किया था। उनकी इस उपलब्धि का सम्मान करते हुए उन्हें पद्मश्री से नवाजा गया था। (भाषा)