• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Latest weather news for 2 June 2025 in India
Last Updated : सोमवार, 2 जून 2025 (08:46 IST)

दक्षिण पश्चिम मानसून की परिस्थितियां अनुकूल, अनेक राज्यों में बारिश की संभावना, दिल्ली में उड़ानों का मार्ग बदला

देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून पहुंच चुका है। पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में शामिल असम, मणिपुर, सिक्किम में बारिश ने कहर बरपाया है। दक्षिण के राज्यों में केरल, कर्नाटक में पिछले दिनों भीषण बारिश हुई

Latest Weather News 2 June 2025
Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून (monsoon) को लेकर परिस्थितियां अनुकूल हैं। अनेक राज्यों में वर्षा (Rain) होने की संभावना है। इससे आने वाले दिनों में अधिकांश राज्यों में बारिश की पूरी पूरी संभावना है। दूसरी ओर नई दिल्ली (New Delhi) से मिले समाचारों के अनुसार दिल्ली में रविवार शाम खराब मौसम की वजह से हवाई अड्डे पर कुल 14 उड़ानों (flights) का मार्ग बदल दिया गया और सैकड़ों उड़ानों के परिचालन में देरी हुई। एक सूत्र ने बताया कि मौसम खराब हो जाने की वजह से शाम 4.30 से 6.10 बजे के बीच 14 उड़ानों का मार्ग बदला गया।
 
दिल्ली हवाई अड्डे पर 14 उड़ानों का मार्ग बदला गया : नई दिल्ली से मिले समाचारों के अनुसार दिल्ली में रविवार शाम खराब मौसम की वजह से हवाई अड्डे पर कुल 14 उड़ानों का मार्ग बदल दिया गया और सैकड़ों उड़ानों के परिचालन में देरी हुई। एक सूत्र ने बताया कि मौसम खराब हो जाने की वजह से शाम 4.30 से 6.10 बजे के बीच 14 उड़ानों का मार्ग बदला गया।
 
सूत्र ने बताया कि 7 उड़ानों को जयपुर, 2-2 उड़ानों को चंडीगढ़ और अमृतसर, 1-1 उड़ान को अहमदाबाद, देहरादून और लखनऊ की ओर भेज दिया गया। उड़ानों से संबंधित मामलों पर नजर रखने वाली वेबसाइट 'फ्लाइट रडार' के अनुसार रविवार को हवाई अड्डे पर 350 से अधिक उड़ानों में देरी हुई। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा है।
 
इन राज्यों में वर्षा की संभावना : देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून पहुंच चुका है। पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में शामिल असम, मणिपुर, सिक्किम में बारिश ने कहर बरपाया है। दक्षिण के राज्यों में केरल, कर्नाटक में पिछले दिनों भीषण बारिश हुई, वहीं महाराष्ट्र में प्री मानसून बारिश हुई। आईएमडी के अनुसार पूर्वोत्तर राज्यों में सोमवार और मंगलवार के लिए भारी बारिश को लेकर अलर्ट है, वहीं आज उपहिमालयी पश्चिम बंगाल में अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है।
 
इन राज्यों में हुई बारिश : असम, मेघालय, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई। मणिपुर, मिजोरम, केरल, ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हुई। हरियाणा, पंजाब में अलग-अलग स्थानों पर आंधी आई। हिमाचल प्रदेश, सौराष्ट्र और कच्छ, झारखंड, मध्य महाराष्ट्र, पूर्वी उत्तरप्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, बिहार, पश्चिमी उत्तरप्रदेश, कोंकण, मराठवाड़ा, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, जम्मू- कश्मीर, पंजाब (पटियाला), हरियाणा (भिवानी) में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि देखी गई।
 
यूपी और राजस्थान समेत इन राज्यों का मौसम : जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा चंडीगढ़ में अगले 1 से 2 दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलने और बारिश होने की संभावना है। इस बीच उत्तरप्रदेश, राजस्थान में छिटपुट स्थानों पर मध्यम वर्षा का अनुमान है। 
 
दक्षिणी राज्यों का मौसम : केरल, माहे, तटीय कर्नाटक में आज से 1 2 दिनों के दौरान कई स्थानों पर गरज, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने के साथ हल्की वर्षा होने का अनुमान है। इस बीच तटीय आंध्रप्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना में गरज, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवा चलने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है।
 
चक्रवाती परिसंचरण  बना : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार अरुणाचल प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्से में एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) बना हुआ है, जो समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू-कश्मीर पर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है, जो समुद्र तल से 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। एक ट्रफ रेखा (द्रोणिका) मध्य पाकिस्तान से पंजाब और हरियाणा होते हुए उत्तर-पश्चिमी उत्तरप्रदेश तक फैली हुई है। दूसरी ट्रफ रेखा उत्तर-पूर्वी उत्तरप्रदेश से पूर्व विदर्भ तक समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर बनी हुई है।
 
पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में हुई मौसमी हलचल :  पिछले 24 घंटे के दौरान असम में मध्यम से भारी बारिश हुई, कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश भी हुई। अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। तमिलनाडु, कोंकण और गोवा, छत्तीसगढ़, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, ओडिशा के कुछ हिस्से, दक्षिणी उत्तरप्रदेश, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश हुई। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी गुजरात, बिहार, झारखंड, तटीय ओडिशा, पूर्वोत्तर भारत और लक्षद्वीप में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक देखी गई।
 
आज सोमवार के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज सोमवार, 2 जून को सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, तटीय कर्नाटक, केरल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 1-2 स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
 
कोंकण और गोवा, लक्षद्वीप, उत्तर-पूर्वी बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 1-2 स्थानों पर तीव्र बौछारें हो सकती हैं। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरप्रदेश और पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ कुछ स्थानों पर धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। बिहार, मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों, विदर्भ, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश और तमिलनाडु में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है।(Photo courtesy: IMD)
 
Edited by: Ravindra Gupta