गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. BJP MP warns not to allow MNS chief Raj Thackeray to enter Ayodhya
Written By Author विकास सिंह
Last Updated : गुरुवार, 5 मई 2022 (20:05 IST)

मनसे प्रमुख राज ठाकरे को अयोध्या में नहीं घुसने देने की भाजपा सांसद ने दी धमकी

मनसे प्रमुख राज ठाकरे को अयोध्या में नहीं घुसने देने की भाजपा सांसद ने दी धमकी - BJP MP warns not to allow MNS chief Raj Thackeray to enter Ayodhya
महाराष्ट्र में लाउडस्पीकर पर बैन लगाने की मांग को लेकर इन दिनों सुर्खियों में बने मनसे प्रमुख राज ठाकरे को अब भाजपा सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने खुली चुनौती दी है। मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने पांच जून को अयोध्या में रामलला के दर्शन का ऐलान किया है। राज ठाकरे के अपने समर्थकों के साथ अयोध्या जाने के एलान के विरोध में अब भाजपा सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह आ गए है। राज ठाकरे के अयोध्या दर्शन के इस एलान पर भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने एतराज जताते हुए राज ठाकरे को अयोध्या में एंट्री नहीं करने देने की चेतावनी दी है।
 
राज ठाकरे की अयोध्या के साथ उत्तर प्रदेश में एंट्री पर रोक लगाने के लिए भाजपा सांसद ने राज ठाकरे के उत्तर भारतीयों के अपमान को मुद्दा बनाया है। भाजपा सांसद ने राज ठाकरे को अयोध्या ने नहीं घुसने की खुली चुनौती दी है। राममंदिर आंदोलन में शामिल रहे भाजपा सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने कहा कि राज ठाकरे ने जिस तरह पहले बम्बई और महाराष्ट्र में उत्तर भारतीयों को अपमानित किया था उसके लिए पहले उत्तर भारतीयों से माफी मांगे फिर अयोध्या आने की सोचे। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी अपील की है कि वह राज ठाकरे को उत्तर भारतीयों से माफी न मांगने तक उत्तर प्रदेश में आने और मिलने की इजाजत न दें। 
 
भाजपा सांसद ने राज ठाकरे को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि उत्तर भारतीयों को अपमानित करने वाले राज ठाकरे को अयोध्या की सीमा में घुसने नहीं दूंगा। अयोध्या आने से पहले सभी उत्तर भारतीयों से राज ठाकरे हाथ जोड़कर माफ़ी मांगे। उन्होंने कहा कि भगवान राम की धरती के रहने वालों को अपमानित करने वाले राज ठाकरे को अयोध्या में घुसने नही देंगे। 
 
भाजपा सांसद ने अपने बयान में कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम का जन्म अयोध्या में हुआ था। अयोध्या भौगोलिक दृष्टि से उत्तर भारत की धरती है। लगभग सभी हिन्दू देवी देवताओं की जन्म स्थली उत्तर भारत में है। इसलिए उत्तर भारत मे रहने वाला हर इंसान खुद को भगवान श्रीराम वंशज सेवक और उपासक मानता है। उत्तर भारतीयों का अपमान भगवान श्री राम का अपमान है इसको हम अपने स्वाभिमान और सम्मान से जोड़कर देखते है और किसी भी कीमत पर उत्तर भारतीयों का अपमान करने वालो को हम भूल नही सकते।