• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. Loksabha election 6th phase of voting
Last Updated : शनिवार, 25 मई 2024 (09:32 IST)

छठे चरण के लिए 58 सीटों पर मतदान का उत्साह, इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

छठे चरण के लिए 58 सीटों पर मतदान का उत्साह, इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर - Loksabha election 6th phase of voting
Loksabha election 6th phase of voting : देशभर में लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए 8 राज्यों की 58 सीट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार सुबह मतदान आरंभ हुआ। इस चरण में 889 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला 11 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे।
 
छठे चरण में उत्तर प्रदेश में 14 लोकसभा सीट, हरियाणा में 10 लोकसभा सीट, पश्चिम बंगाल में आठ लोकसभा सीट, बिहार में आठ लोकसभा सीट, दिल्ली में सात लोकसभा सीट, ओडिशा में छह लोकसभा सीट, झारखंड में चार लोकसभा सीट और जम्मू कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट पर चुनाव के लिए मतदान हो रहा है।
 
इसके साथ ही ओडिशा में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत 42 सीट पर भी मतदान चल रहा है है। हरियाणा की करनाल विधानसभा सीट और उत्तर प्रदेश की गैसड़ी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भी वोटिंग हो रही है।
 
इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर : छठे चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में संबलपुर (ओडिशा) से धर्मेंद्र प्रधान (भाजपा), उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी (भाजपा) व कन्हैया कुमार (कांग्रेस), सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) से मेनका गांधी (भाजपा), अनंतनाग-राजौरी (जम्मू और कश्मीर) से महबूबा मुफ्ती (पीडीपी), तमलुक (पश्चिम बंगाल) से अभिजीत गंगोपाध्याय (भाजपा), करनाल से मनोहर लाल खट्टर, कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल और गुरुग्राम सीट से राव इंद्रजीत सिंह शामिल हैं।
 
दिग्गजों ने डाले वोट : मतदान के लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। राष्‍ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने किया मतदान। उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ भी एक मतदान केंद्र पर अपनी पत्नी संग वोटने पहुंचे। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, डॉ. एस. जयशंकर, बांसुरी स्वराज, हर्ष मल्होत्रा, नायब सिंह सैनी, गौतम गंभीर, आतिशी समेत कई दिग्गजों ने किया मतदान।
 
इस चरण में 11.13 करोड़ से अधिक लोग मतदान करने के पात्र हैं। इनमें 5.84 करोड़ पुरुष, 5.29 करोड़ महिलाएं और 5,120 ‘तृतीय लिंगी’ मतदाता शामिल हैं। शेष 57 सीट के लिए अंतिम चरण का मतदान एक जून को होगा और मतगणना चार जून को होगी।
Edited by : Nrapendra Gupta