Dhanteras
Mon, 9 Nov 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Pakistan, Peshawar, terrorists, suicide attacks

पाकिस्तान में अदालत के पास आतंकी हमला, छ: की मौत, 14 घायल

Pakistan
पेशावर। पाकिस्तान के खबर पख्तूनख्वाह प्रांत में एक अदालत के बाहर आतंकियों द्वारा किए गए आत्मघाती विस्फोट और गोलीबारी में कम से कम छ: लोग मारे गए और 14 लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक खबर पख्तूनख्वा के चारसद्दा जिले में अदालत के बाहर सुरक्षाबलों ने 3 आत्मघाती बम हमलावरों को मार गिराया।
तीन हमलावरों ने तांगी शहर स्थित अदालत परिसर में मुख्य द्वार के रास्ते दाखिल होने की कोशिश की। उन्होंने गोलीबारी की और ग्रेनेड फेंके। इसके बाद वहां तैनात सुरक्षाबलों ने जवाबी गोलीबारी की। अधिकारियों ने कहा कि दरवाजे पर हुई गोलीबारी में एक बम हमलावर मारा गया और दूसरे को अदालत में दाखिल होने पर मार गिराया गया। तीसरे बम हमलावर ने खुद को विस्फोटकों से उड़ा लिया।
 
चारसद्दा के उपायुक्त ने कहा कि न्यायाधीश और वकील सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि कड़ी सुरक्षा के कारण बम हमलावर अदालत में दाखिल नहीं हो सके, लेकिन वे परिसर में दाखिल हो गए, जो कि ‘तबाहीपूर्ण हो सकता था।’ उन्होंने कहा कि खोजी और बचाव अभियान जारी है।
 
एंबुलेंसें पेशावर से लगभग 30 किमी दूर चारसद्दा तक पहुंच गई थीं। लेडी रीडिंग अस्पताल को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पाकिस्तान में हाल के समय में हुए विभिन्न आतंकी हमलों के कारण सुरक्षा कड़ी की गई है। हालिया हमला पिछले कुछ समय में हुए हमलों की कड़ी का हिस्सा है। इन हमलों में 100 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं।
 
गुरूवार को आत्मघाती हमलावर ने सिंध प्रांत की मशहूर सूफी दरगाह में 88 लोगों को मार डाला था। इस हमले के बाद सेना ने आतंकियों के खिलाफ अभियान शुरू किया और देशभर में 130 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराने का दावा किया। पिछले साल मार्च में चारसद्दा के शब्कादर इलाके में एक स्थानीय अदालत पर आत्मघाती बम हमलावर ने हमला बोला था और 17 लोगों को मार डाला था। (भाषा)
ये भी पढ़ें
डिजिटल भुगतान ले रहा है जन आंदोलन का रूप : कांत