• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Why did I not go to America on Donald Trumps invitation, Prime Minister Modi told in Bhubaneswar
Last Updated : शुक्रवार, 20 जून 2025 (20:51 IST)

डोनाल्ड ट्रंप के न्योते पर क्यों अमेरिका नहीं गए, प्रधानमंत्री मोदी ने भुवनेश्वर में बताया

ओडिशा सरकार का एक साल पूरा होने पर भुवनेश्वर में पीएम मोदी का रोड शो एवं रैली

Prime Minister Narendra Modi
Prime Minister Narendra Modi Bhubaneswar rally: ओडिशा की भाजपा सरकार का एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में नरेन्द्र मोदी ने राजधानी भुवनेश्वर में बताया कि वे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के न्योते पर क्यों अमेरिका नहीं गए। उन्होंने कहा- ट्रंप ने मुझे फोन पर कहा था कि आप कनाडा से लौटते समय वॉशिंगटन होकर होकर जाइए। साथ मैं बैठकर खाना खाएंगे, बातें करेंगे। मैंने उनके न्योते को नम्रतापूर्वक अस्वीकार कर दिया। क्योंकि मुझे तो महाप्रभु की धरती (ओडिशा) आना था। मुझे तो महाप्रभु की भक्ति इस धरती पर खींचकर ले आई। मोदी ने भुवनेश्वर में रोड शो भी किया। 

ट्रंप से क्या कहा मोदी ने : रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि मैं जी 7 शिखर सम्मेलन के लिए कनाडा में था, जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने मुझे फोन किया और चर्चा तथा दोपहर के भोजन के लिए वॉशिंगटन आमंत्रित किया। मैंने निमंत्रण के लिए उन्हें धन्यवाद दिया और कहा कि मुझे भगवान जगन्नाथ की भूमि ओडिशा जाना है। मैंने विनम्रतापूर्वक उनके निमंत्रण को अस्वीकार कर दिया।

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने मोदी-ट्रंप के फोन कॉल के संबंध में एक बयान में कहा था कि मोदी ने मंगलवार को कनाडा से लौटते समय ट्रंप के अमेरिका आने के निमंत्रण को अस्वीकार कर दिया था। मिसरी के बयान के अनुसार, मोदी ने कहा कि वह पहले से तय कार्यक्रम के कारण निमंत्रण स्वीकार नहीं कर सकते और उन्होंने ट्रंप को इस वर्ष के अंत में होने वाले क्वाड शिखर सम्मेलन के लिए भारत आने का निमंत्रण दिया।
कांग्रेस पर निशाना : प्रधानमंत्री मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के बाद कई दशकों तक लोगों ने कांग्रेस का मॉडल देखा, लेकिन इस मॉडल में न तो सुशासन था और न ही लोगों का जीवन भी आसान था। विकास परियोजनाओं को लटकाना आम बात थी। भ्रष्टाचार ही कांग्रेस के विकास मॉडल की पहचान थी। अब लोग पिछले कुछ सालों भाजपा का विकास मॉडल देख रहे हैं। भाजपा की सरकार बनने के बाद राज्यों में सामाजिक और आर्थिक परिवर्तनों का नया दौर शुरू हुआ है। जिन राज्यों की स्थिति पहले अच्छी नहीं थी अब वे विकास के मार्ग पर चल रहे हैं।
विकास भी, विरासत भी : उन्होंने कहा कि बीते एक वर्ष में ओडिशा ‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र को आत्मसात कर ना सिर्फ प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ा है, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को भी सशक्त करने में जुटा है। विकास के डबल इंजन से ओडिशा के लोगों को किस प्रकार डबल फायदा मिल रहा है, उसके एक नहीं अनेक उदाहरण हैं। 
 
मोदी ने कहा कि आज भुवनेश्वर में अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी उपलब्धियों के लिए सम्मानित लखपति दीदियों से मिलकर काफी खुशी हुई। अपने दृढ़ संकल्प से वे ना सिर्फ राज्य की समृद्धि में योगदान कर रही हैं, बल्कि देशभर के लिए मिसाल बन रही हैं। पहले जिन आदिवासी क्षेत्रों को रेड कॉरिडोर के नाम पर बदनाम किया जाता था, हमने वहां विकास को तेजी से पहुंचाने का काम किया है। मोदी ने राज्य में भाजपा की सरकार की पहली वर्षगांठ समारोह में भाग लिया और 18,600 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 
ये भी पढ़ें
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे सबसे महंगा राजमार्ग : अखिलेश यादव