सोमवार, 22 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Big action of DGCA, Rs 10 lakh fine imposed on Go First
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 27 जनवरी 2023 (20:51 IST)

DGCA की बड़ी कार्रवाई, Go First पर लगाया 10 लाख रुपए जुर्माना, 55 यात्रियों को छोड़कर उड़ा था विमान

DGCA की बड़ी कार्रवाई, Go First पर लगाया 10 लाख रुपए जुर्माना, 55 यात्रियों को छोड़कर उड़ा था विमान - Big action of DGCA, Rs 10 lakh fine imposed on Go First
नई दिल्ली। 9 जनवरी को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर 55 यात्रियों को छोड़कर दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाले विमान से जुड़ी घटना पर डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने गो फर्स्ट एयरलाइन (Go First Airline) पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। हालांकि घटना के बाद गो फर्स्ट ने यात्रियों से माफी मांगी थी, साथ ही घरेलू उड़ान में एक फ्री टिकट का ऑफर दिया था।

खबरों के अनुसार, डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने बेंगलुरु एयरपोर्ट पर 55 यात्रियों को लिए बगैर उड़ान भरने के मामले में गो फर्स्ट एयरलाइन पर सख्ती दिखाई है। डीजीसीए ने लापरवाही को लेकर गो फर्स्ट एयरलाइन पर 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।

इस घटना के बाद से नाराज यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी दिखाई। एक यात्री ने टि्वटर के जरिए एयरलाइन से जवाब मांगा। एयरपोर्ट पर फंसे यात्री ने लिखा कि फ्लाइट G8 116 (BLR – DEL) पैसेंजर्स को छोड़ उड़ान भर गई! लापरवाही देखिए बस में सवार 50 से अधिक यात्रियों को एयरपोर्ट पर छोड़ दिया गया। क्या @GoFirstairways नींद में काम कर रहा है?

बाद में कई लोगों ने अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यालय और नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी टैग किया। इस घटना के बाद विमानन नियामक ने एयरलाइन को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।

घटना के बाद DGCA ने कहा, नोटिस के जवाब में Go First ने जो जानकारी दी, उसके मुताबिक उक्त घटना टर्मिनल को-ऑर्डिनेटर, वाणिज्यिक कर्मियों और परिचालक दल के सदस्यों के बीच यात्रियों के विमान में सवार होने के बारे में संवाद और समन्वय की कमी के कारण हुई। घटना के बाद गो फर्स्ट ने इस घटना में शामिल पूरे स्टाफ को जांच पूरी होने तक ड्यूटी से हटा दिया था।
Edited By : Chetan Gour
ये भी पढ़ें
क्यों जुड़ रहा है धीरेन्द्र शास्त्री से जया किशोरी का नाम? शादी को लेकर क्या है दोनों की सोच...