हेमंत कटारे ने विधानसभा के बजट सत्र के बीच उपनेता प्रतिपक्ष पद से दिया इस्तीफा
मध्य प्रदेश विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हेमंत कटारे अपना इस्तीफा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को भेजा है। वहीं हेमंत कटारे के भाजपा में भी शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही है, लेकिन इसकी संभावना बहुत कम है।
हेमंत कटारे के इस्तीफे लेकर कांग्रेस के संगठन महासचिव डॉ संजय कामले ने कहा कि हेमंत कटारे ने अपने इस्तीफे में पारिवारिक दायित्वों एवं समय की कमी का उल्लेख किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वर्तमान परिस्थितियों में वे अपने विधानसभा क्षेत्र को अपेक्षित समय और ध्यान नहीं दे पा रहे थे, इसी कारण उन्होंने उप नेता प्रतिपक्ष के पद से त्यागपत्र दिया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हेमंत कटारे इस्तीफा केवल पद से संबंधित है, न कि पार्टी की सदस्यता से। वे कांग्रेस पार्टी के साथ थे, हैं और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के साथ रहेंगे।
हेमंत कटारे के इस्तीफ की इनसाइड स्टोरी- विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष से इस्तीफा देने वाले कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे की मुश्किलें फिर बढ़ती हुई दिख रही है। 2018 में मीडिया यूनिवर्सिटी की छात्रा से रेप के मामले सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर नए सिरे से हो रही जांच में अब पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है और पुलिस से जुड़े सूत्र बताते है कि जांच अब अंतिम दौर में है। ऐसे में हेमंत कटारे की मुश्किलें आने वाले दिनों में बढ़ सकती है।
दरअसल कांग्रेस विधायक हेमंत काटरे के खिलाफ साल 2018 में भोपाल में पत्रकारिता यूनिववर्सिटी में पढाई करने वाली छात्रा ने अपहरण औऱ रेप का मामला दर्ज करया था। छात्रा की शिकायत पर भोपाल के महिला थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। वहीं हेमंत कटारे छात्रा के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और करोड़ों की फिरौती मांगने का आरोप लगाते हुए क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई थी। हलांकि बाद में कटारे पर आरोप लगाने वाली छात्रा अपने बयान से पलट गई थी और उसने आरोप लगाया था कि राजनीति विरोधियों के कहने पर उसने हेमंत कटारे के खिलाफ रेप की झूठी एफआईआर दर्ज कराई थी