• Webdunia Deals
Candidate Name अधीर रंजन चौधरी
State West Bengal
Party Congress
Constituency Baharampur
Candidate Current Position MP

Adhir Ranjan Choudharys profile in hindi : लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी पश्चिम बंगाल की बहरामपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे। तृणमूल कांग्रेस ने क्रिकेटर यूसुफ पठान को इसी सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। अधीर रंजन चौधरी पश्चिम बंगाल में कांग्रेस का एक लोकप्रिय चेहरा हैं। वहां की जनता उन्हें 'मुर्शिदाबाद का नवाब'  और 'बेहरामपुर का रॉबिनहुड' (Robin hood of Behrampur)  के नाम से संबोधित करती है। अधीर रंजन चौधरी बेहरामपुर से 1999 से अब तक कोई चुनाव नहीं हारे हैं। 
 
राजनीतिक करियर : राजीव गांधी के प्रधानमंत्रित्व काल में अधीर रंजन चौधरी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। 1991 में उन्होंने नबाग्राम निर्वाचन क्षेत्र से पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव जीता और विधायक बने। चौधरी ने 1999 में बेरहामपुर निर्वाचन क्षेत्र से आम चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। 2000 और 2004 के बीच, उन्होंने विदेश मंत्रालय की सलाहकार समिति के सदस्य के रूप में कार्य किया।
 
जिला कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में जिला परिषद चुनाव में पार्टी की जीत व मुर्शिदाबाद जिले के विभिन्न नगर पालिका के चुनावों में जीत दिलाने वाले एकमात्र व्यक्ति अधीर थे। उन्होंने 2004 में मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर संसदीय क्षेत्र से प्रणब मुखर्जी के चुनाव अभियानों में भाग लिया और 2009 में भी पहल की।
 
चौधरी को मनमोहन सिंह सरकार के मंत्रिमंडल में 28 अक्टूबर, 2012 को रेलवे राज्यमंत्री के रूप में शामिल किया गया। वे 10 फरवरी, 2014 को पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बने। 2019 में उन्‍हें लोकसभा में कांग्रेस नेता के रूप में चुना गया। 2020 को सोमेन मित्रा के निधन के बाद वे पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बने।
 
जन्म और शिक्षा : अधीर रंजन चौधरी का जन्म 2 अप्रैल, 1956 को पश्चिम बंगाल के बेरहामपुर में निरंजन और सरोजा बाला चौधरी के घर हुआ था। उन्होंने बरहामपुर में आईसी इंस्टीट्यूट से पढ़ाई की। अधीर रंजन चौधरी ने 15 सितंबर, 1987 को अर्पिता चौधरी से शादी की। उनकी पहली पत्नी अर्पिता का 9 जनवरी, 2019 को निधन हो गया। अधीर रंजन चौधरी ने अताशी से दूसरी शादी की।