• Webdunia Deals
Candidate Name कंगना रनौत
State Himachal Pradesh
Party Bhartiya Janata Party
Constituency Mandi
Candidate Current Position Bollywood Actress

Kangana Ranaut Profile in Hindi:  बोल्ड अंदाज और बेबाक बयानों से सुर्खियों में रहने वाली फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut) को भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2024 में हिमाचल प्रदेश की मंडी संसदय सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। कंगना करीब 18 सालों से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं।
 
संघर्षपूर्ण रहा करियर : कंगना ने 2006 में बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद इंडस्ट्री में लगातार संघर्ष करते हुए अपना एक अलग मुकाम हासिल किया। वे करीब 18 सालों से इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। लेकिन कंगना रनौत के लिए यह सफर इतना आसान भी नहीं रहा। कंगना का परिवार कभी नहीं चाहता था कि कि वे एक अभिनेत्री बनें। उनके पिता चाहते थे कि कंगना अपनी पढ़ाई पूरी कर डॉक्टर बनें। लेकिन कंगना 12वीं में फेल हो गईं। शुरुआत से एक्ट्रेस बनने का सपना देखने वाली कंगना अपने माता-पिता से लड़कर मुंबई पहुंच गईं। कंगना के पिता एक बिजनेसमैन और मां स्कूल टीचर हैं।
 
राजनीतिक करियर : कंगना के पिता और दादा राजनीति में किसी भी रूप में सक्रिय नहीं थे, लेकिन उनके परदादा विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं। कंगना मंडी सीट से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत करेंगी। कंगना को उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने ने एक जिला, एक उत्पाद (ओडीओपी) का ब्रांड एंबेसडर भी बनाया था। 
 
जन्म और शिक्षा : हिमाचल के मंडी जिले में 23 मार्च 1987 को कंगना रनौत का जन्म हुई था। कंगना एक राजपूत परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनकी एक बड़ी बहन रंगोली और छोटा भाई अक्षत हैं। 
 
कौनसी फिल्म में मिला ब्रेक : कंगना रनौत को साल 2006 में फिल्म 'गैंगस्टर' से बॉलीवुड में ब्रेक मिला। इस दौरान उन्होंने अभिनेता इमरान हाशमी और शाइनी आहूजा के साथ बॉलीवुड में डेब्यू किया था। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही और इस फिल्म के लिए कंगना को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री डेब्यू के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। कंगना ने अधितकर महिला प्रधान फिल्मों को प्राथमिकता दी और अपने हर किरदार के लिए खूब सुर्खियां भी बंटोरी। 
 
राष्ट्रीय पुरस्कार : कंगना को फिल्म 'फैशन' के लिए पहली बार राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इस दौरान कंगना की उम्र सिर्फ 22 साल थी। फिर उनको फिल्म 'क्वीन' और 'तनु वेड्स मनु रिटर्न' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कंगना रनौत का एक प्रोडक्शन हाउस भी है। कंगना के कई फिल्मों का निर्माण भी किया है। 
 
विवादों से नाता : कंगना बॉलीवुड में 'पंगा गर्ल' के नाम से मशहूर हैं। तत्कालीन उद्धव सरकार पर टिप्पणी के बाद कंगना महाराष्ट्र सरकार के निशाने पर आ गई थी। बीएमसी ने पाली हिल्स इलाके में बने कंगना के ऑफिस का एक हिस्सा गिरा दिया था। कंगना रनौत ने एक ट्वीट को रिट्वीट किया था, जिसमें किसान आंदोलन में शामिल बुजुर्ग महिला को शाहीन बाग की बिलकिस बानो बताया गया था। इस पर भी खूब बवाल हुआ था।
 
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद कंगना का गीतकार जावेद अख्तर से भी विवाद हो गया था। इसके बाद अख्तर ने कंगना के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज करवाया था। इसके अलावा उनका रितिक रोशन और राकेश रोशन से विवाद भी चर्चाओं में रहा। फिल्म 'मणिकर्णिका' को लेकर कर्णी सेना के साथ भी उनका विवाद हुआ। 
 
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की जीत के बाद कंगना रनौत ने ट्वीट कर ममता बनर्जी को 'खून की प्यासी ताड़का' तक कह दिया था। कंगना ने महात्मा गांधी को सत्ता का भूखा और चालाक बताया था। कंगना ने एक इंटरव्यू में यह कहकर भी विवाद खड़ा कर दिया कि भारत को ‘असली आजादी’  2014 में मिली, जब नरेंद्र मोदी सरकार सत्ता में आई, वहीं 1947 में देश को जो स्वतंत्रता मिली थी वह ‘भीख’ में मिली थी। कंगना के इस बयान पर भी जमकर बवाल मचा था।