• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Congress targets BJP and RSS regarding Constitution
Last Modified: नई दिल्ली , सोमवार, 11 मार्च 2024 (07:00 IST)

संविधान को लेकर कांग्रेस ने BJP और RSS पर साधा निशाना, लगाया यह बड़ा आरोप...

Congress
Congress targets BJP and RSS regarding Constitution : कांग्रेस ने भाजपा के सांसद अनंतकुमार हेगड़े के बयान का जिक्र करते हुए रविवार को कहा कि संविधान को फिर से लिखना और नष्ट करना भगवा पार्टी व आरएसएस का एजेंडा है। हेगड़े ने कहा कि भाजपा को संविधान में संशोधन करने और कांग्रेस की जोड़ी हुईं अनावश्यक चीजों को हटाने के लिए संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी।
 
कर्नाटक के कारवार में सभा को संबोधित करते हुए, हेगड़े ने कहा कि भाजपा को संविधान में संशोधन करने और कांग्रेस की जोड़ी हुईं अनावश्यक चीजों को हटाने के लिए संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दावा किया कि भाजपा सांसद की कथित टिप्पणी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संघ परिवार के छिपे हुए इरादों की सार्वजनिक घोषणा है।
 
मोदी सरकार, भाजपा और आरएसएस तानाशाही लागू करना चाहते हैं : पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि भाजपा सांसद का बयान तानाशाही थोपने के मोदी-आरएसएस के कुटिल एजेंडे को एक बार फिर उजागर करता है। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, मोदी सरकार, भाजपा और आरएसएस गुप्त रूप से तानाशाही लागू करना चाहते हैं, जिससे वे भारत के लोगों पर अपनी मनुवादी मानसिकता थोपकर एससी, एसटी और ओबीसी के अधिकार छीन लेंगे। खरगे ने आरोप लगाया, कोई चुनाव नहीं होगा या ज्यादा से ज्यादा दिखावटी चुनाव हो जाया करेंगे।
 
कांग्रेस संघ परिवार के इन गुप्त उद्देश्यों को सफल नहीं होने देगी : उन्होंने कहा कि संस्थानों की स्वतंत्रता कम कर दी जाएगी। अभिव्यक्ति की आजादी पर बुलडोजर चलाया जाएगा। आरएसएस और भाजपा हमारे धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने और विविधता में एकता को नष्ट कर देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संघ परिवार के इन गुप्त उद्देश्यों को सफल नहीं होने देगी।
कांग्रेस प्रमुख ने कहा, न्याय, समानता और स्वतंत्रता संविधान के मजबूत स्तंभ हैं और इन सिद्धांतों में कोई भी बदलाव बाबासाहेब डॉ. आंबेडकर और हमारे श्रद्धेय संस्थापकों ने जिस भारत की कल्पना की थी, उसका अपमान होगा। राहुल गांधी ने आरोप लगाया, नरेंद्र मोदी और भाजपा का अंतिम लक्ष्य बाबा साहेब के संविधान को नष्ट करना है।
 
उन्हें 400 सीट संविधान बदलने के लिए चाहिए : उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, भाजपा सांसद का बयान कि उन्हें 400 सीट संविधान बदलने के लिए चाहिए, नरेंद्र मोदी और उनके ‘संघ परिवार’ के छिपे हुए मंसूबों का सार्वजनिक ऐलान है। नरेंद्र मोदी और भाजपा का अंतिम लक्ष्य बाबा साहेब के संविधान को ख़त्म करना है।
गांधी ने लिखा, उन्हें न्याय, बराबरी, नागरिक अधिकार और लोकतंत्र से नफ़रत है। समाज को बांटना, मीडिया को गुलाम बनाना, अभिव्यक्ति की आज़ादी पर पहरा और स्वतंत्र संस्थाओं को पंगु बनाकर विपक्ष को मिटाने की साजिश से वो भारत के महान लोकतंत्र को संकीर्ण तानाशाही में बदलना चाहते हैं।
 
अपनी आवाज़ उठाएं- ‘इंडिया’ आपके साथ है : गांधी ने कहा, हम आज़ादी के नायकों के सपनों के साथ ये षड्यंत्र सफल नहीं होने देंगे और अंतिम सांस तक संविधान से मिले लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहेंगे। संविधान का हर सिपाही, विशेष रूप से दलित, आदिवासी, पिछड़े और अल्पसंख्यक जागें, अपनी आवाज़ उठाएं- ‘इंडिया’ आपके साथ है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि भाजपा सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री और मोदी के पसंदीदा अनंत कुमार हेगड़े ने केवल वही बात कही है, जो पहले से पता है। उन्होंने आरोप लगाया, भाजपा और आरएसएस का लक्ष्य बाबा साहब आंबेडकर के संविधान को पलटना है।
 
प्रधानमंत्री की सारी बयानबाजी संविधान को खत्म करने के लक्ष्य की ओर : उन्होंने कहा, 400 सीटें पार करने के बारे में प्रधानमंत्री की सारी बयानबाजी संविधान को खत्म करने के लक्ष्य की ओर है- जो भारत के लोगों, विशेषकर दलितों, आदिवासियों, ओबीसी और धार्मिक अल्पसंख्यकों के अधिकारों का अंतिम रक्षक है। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, अगर हमें बाबासाहेब आंबेडकर के संविधान को बचाना है और भारतीय लोकतंत्र को संरक्षित करना है, तो हमें मोदी सरकार को हटाना होगा।
हेगड़े के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रमुख डीके शिवकुमार ने कहा कि इससे पता चलता है कि भाजपा संविधान विरोधी है। उन्होंने कहा, उन्हें ऐसा करने दें, संविधान में संशोधन करें, इससे पता चलता है कि (केंद्र की) भाजपा सरकार और भाजपा सांसद बाबासाहेब आंबेडकर के दिए संविधान के खिलाफ हैं। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 
ये भी पढ़ें
Electoral bonds : क्‍या सुप्रीम कोर्ट बढ़ाएगा समय सीमा, SBI की अर्जी पर सुनवाई आज