शुक्रवार, 27 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. धर्म-संसार
  2. ज्योतिष
  3. ज्योतिष 2017
  4. Makar rashi 2017

मकर राशि वालों के लिए कैसा होगा वर्ष 2017, संपूर्ण भविष्य फल

मकर राशि वालों के लिए कैसा होगा वर्ष 2017, संपूर्ण भविष्य फल - Makar rashi 2017
मकर- भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी
 
मकर राशि वाले कुशल उद्यमी, बहादुर, सक्रिय, साहसी, ऊर्जावान और भावुक होते हैं। वर्ष 2017 में उनके भविष्य को लेकर क्या सुनहरी संभावनाएं है, आइए जानें 
नौकरी और व्यवसाय
 
इस राशि वाले जातकों के लिए यह वर्ष साहस और उत्साह से भरा होकर नौकरीपेशा लोग उन्नति के अवसर पाएंगे। आपकी काम करने की क्षमता से आप लोगों को चौंका देंगे, जो आपसे बेहतर प्रदर्शन करते हैं। अपने विरोधियों की चालों को समझने में आप सफल रहेंगे। प्रमोशन के चांस होकर मान-सम्मान भी मिलेगा। किसी वरिष्ठ अधिकारी के सहयोग से आपको लाभ भी रहेगा। व्यापार-व्यवसाय से जुड़े लोग किसी नवीन कार्य की शुरुआत कर सकते हैं। आपको व्यापार में सफलता के साथ लाभ भी मिलेगा लेकिन बहुत से कामों को एकसाथ करने से बचना होगा। आपका अपने प्रति सजग रहना आपको विजय दिलाएगा। व्यापार से संबंधित की गई यात्रा आपके लिए लाभदायक रहेगी। शेयर बाजार से अचानक धन प्राप्ति के योग बनते हैं।
 
आर्थिक स्थिति
 
इस राशि वालों के लिए यह वर्ष आर्थिक स्तर पर सामान्य ही कहा जा सकता है। वर्षारंभ में आर्थिक लाभ मिलने की संभावना है। आप अपने कार्यों को अंजाम देकर अपनी आर्थिक स्थिति को संभाल लेंगे। आपको खर्चों पर नियंत्रण रखना होगा, नहीं तो नुकसान हो सकता है। बेवजह के खर्चे बढ़ने की भी संभावना है इसलिए यथासंभव धन जुटाने की कोशिश करें। आर्थिक मामलों को लेकर की गई यात्रा लाभदायक साबित होगी। साल का मध्य भाग आपके लिए मिला-जुला कहा जा सकता है। भावनाओं में बहकर कोई बड़ा निवेश न करें। मित्र या सहयोगी आपको आर्थिक लाभ दिलवा सकता है।
 
विद्यार्थियों के लिए
 
विद्यार्थी वर्ग के लिए यह वर्ष समयानुकूल है। इस समय किसी भी परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करके आप अपने को उत्तम साबित कर सकते हैं। जो जातक परीक्षा की तैयारी में हैं, उनके प्रोजेक्ट समय पर पूरे होने की संभावना है। अपने पाठ्यक्रमों के लिए आप नई योजनाएं बनाएंगे व पढ़ाई में आपका मन लगा रहेगा। मौज-मस्ती के साथ अपनी शिक्षा पर भी आपका ध्यान रहेगा। विज्ञान, कला व तकनीकी शिक्षा के प्रति आपकी रुचि बढ़ेगी। अपने परिश्रम से आप उचित स्थान पाने में सफल रहेंगे।
 
पारिवारिक जीवन
 
इस वर्ष पारिवारिक मामलों में सामान्य स्थिति रहेगी लेकिन परिवार के करीबी लोगों से मतभेद की संभावना है। अपने गुस्से को काबू में रखना आपके लिए जरूरी है। व्यर्थ की बातों से अपना मानसिक तनाव न बढ़ाएं। घर-परिवार में किसी मांगलिक कार्य का आयोजन होने से आप प्रसन्नता महसूस करेंगे। अगर माता-पिता को कोई पुरानी बीमारी है तो उसमें सुधार देखने को मिलेगा। आपके संबंध भी उनसे बेहतर रहेंगे। जीवनसाथी के साथ कहीं बाहर गांव जाने का योग बन सकता है। धार्मिक स्थलों की यात्रा भी संभव है। संतान की उन्नति से संबंधित कोई सुखद समाचार सुनने को मिल सकता है। अपने जीवनसाथी के साथ आप कुछ बेहतरीन पलों का आनंद ले सकते हैं। परिजनों को खुश करने के लिए आप कोई नई खरीददारी भी करेंगे।
 
कैसा रहेगा स्वास्थ्य?
 
इस समय स्वास्थ्य से संबंधित सावधानी रखने की आवश्यकता है। कुछ यात्राएं और काम का बोझ आपको थका सकता है। हवा-पानी बदलने के लिए निकल जाएं, इससे आप काफी हल्का महसूस करेंगे। इससे मानसिक बेचैनी भी दूर हो सकती है। पेट व त्वचा संबंधी परेशानी रह सकती हैं। जहां तक हो सके, खान-पान पर विशेष ध्यान रखना होगा। फास्ट फूड का अत्यधिक प्रयोग न करें। घर में स्वच्छता का ध्यान रखें। योग से आपको अच्छा लाभ मिलेगा। स्वयं को चिंतामुक्त रखें और वाहन सावधानी से चलाएं।

अन्य राशियां यहां पढ़ें

 

 वर्ष 2017 :  संपूर्ण भविष्य फल 
 
जनवरी- मानसिक सुख-शांति का वातावरण रहेगा। आर्थिक प्रयासों में परिश्रम के बाद सफलता मिलेगी। जोखिम के कार्यों में धन लगाने से बचना चाहिए। व्यापार-व्यवसाय में समय अनुकूल रहेगा। स्त्री पक्ष का सहयोग लाभकारी रहेगा। स्वास्थ्य उत्तम ही रहेगा।
 
फरवरी- पराक्रम द्वारा आप अपने कार्य में सफलता पाएंगे। संचार माध्यम से शुभ समाचार भी मिलेगा। साझेदारी के मामलों में सफल होंगे। भाग्योन्नति में आ रही बाधा भी दूर होगी। व्यापार-व्यवसाय में प्रगतिपूर्ण वातावरण रहेगा। शत्रुपक्ष पर प्रभाव बढ़ेगा। 
 
मार्च- नौकरीपेशा व्यक्तियों के लिए समय सुखद रहेगा। पदोन्नति के योग भी हैं। व्यापार में नवीन कार्ययोजना भी बन सकती है। पिता का सहयोग मिलने से प्रसन्नता रहेगी। स्त्री पक्ष का सहयोग अनुकूल रहेगा। आर्थिक प्रयासों में सफल होंगे।
 
अप्रैल- मकान-भूमि संबंधित समस्याओं का समाधान होगा। स्थानीय राजनीति में सफल होंगे। पारिवारिक कार्य बनेंगे। शुभ कार्य भी हो सकते हैं। दांपत्य जीवन में मिली-जुली स्थिति रहेगी। नौकरीपेशाओं के लिए महत्वपूर्ण समय रहेगा। संतान पक्ष से लाभ रहेगा।
 
मई- पारिवारिक समय सुखद रहेगा। संपत्ति के मामलों में चली आ रही बाधा भी दूर होगी। व्यापार-व्यवसाय में थोड़ी सावधानी भी रखना होगी। नौकरीपेशा व्यक्ति अपने कार्य के प्रति सजग रहें। मनोरंजन के साधनों पर खर्च हो सकता है। शत्रु प्रभावहीन होंगे। 
 
जून- वाहनादि सुख-सुविधा का लाभ मिलेगा। मातृपक्ष का सहयोग मिलने से प्रसन्नता रहेगी। शत्रु की चालें नाकाम रहेंगी। मानसिक परेशानियों से राहत भी मिलेगी। पराक्रम अधिक करने पर सफल भी होंगे। बाहरी मामलों में संभलकर चलना होगा। जल्दबाजी से बचें। 
 
जुलाई- संतान के कार्य में खर्च के साथ प्रसन्नता भी रहेगी। कोर्ट-कचहरी के मामलों में सफल होंगे। व्यापार-व्यवसाय में स्वप्रयत्नों से अनुकूल स्थिति पाएंगे। नौकरीपेशा व्यक्ति की सुखद स्थिति रहेगी। प्रभाव में थोड़ी कमी भी महसूस करेंगे। लेन-देन से बचें। 
 
अगस्त- व्यापार-व्यवसाय से जुड़े व्यक्तियों को काफी सावधानीपूर्वक चलना होगा। अधिकारी वर्ग भी सोच-विचारकर किसी भी कार्य में निर्णय लें। जीवनसाथी के स्वास्थ्य की चिंता रह सकती है। भाइयों का सहयोग मिलेगा। शुभ समाचार भी पाएंगे।
 
सितंबर- स्त्री पक्ष का सहयोग लाभकारी रहेगा। दैनिक व्यापार-व्यवसाय में सुखद स्थिति रहेगी। अधिकारी वर्ग के लिए सुखद स्थिति रहेगी। प्रभाव में वृद्धि होगी, वहीं स्वास्थ्य भी ठीक रहेगा। वाहनादि सावधानीपूर्वक चलाना होगा। किसी भी कार्य में जल्दबाजी से बचें।
 
अक्टूबर- कोई भी कार्य सहज नहीं होंगे। व्यस्तता अधिक रहने से स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। आर्थिक मामलों में सावधानी रखना होगी। भाग्योन्नति में आ रही बाधाएं दूर होंगी। पारिवारिक मामलों में सहयोग के साथ प्रसन्नता भी रहेगी। जनता से संबंधित कार्य बनेंगे। 
 
नवंबर- व्यापार-व्यवसाय में सावधानी रखें। नौकरीपेशाओं के लिए संभलकर चलना होगा। राजनीतिज्ञों के लिए परेशानियों का समय रहेगा। बाहरी खतरों से भी बचना होगा। यात्रा करनी हो तो संभलकर करें। आर्थिक मामलों में जोखिम से बचना होगा।
 
दिसंबर- स्वभाव में जिद्दीपन को त्यागना होगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा। पारिवारिक समय ठीक रहेगा। स्थानीय राजनीति में सुखद वातावरण रहेगा। प्रभाव में वृद्धि होगी। साहस बल में वृद्धि होगी। नौकरीपेशा व्यक्तियों के लिए मिला-जुला समय रहेगा।
 
वर्ष के लिए उपाय
 
1. रविवार को भैरवजी के दर्शन करें व प्रसाद चढ़ाएं।
2. गरीब को यथासंभव भोजन कराएं।
3. कार्यक्षेत्र में ईमानदारी बरतें व अधीन में काम करने वालों का सम्मान करें।
4. बेईमानी की कमाई से दूर रहें।