• Webdunia Deals
  1. धर्म-संसार
  2. ज्योतिष
  3. ज्योतिष 2017
  4. Tula Rashi 2017

तुला राशि वालों के लिए कैसा होगा वर्ष 2017, संपूर्ण भविष्य फल

तुला राशि वालों के लिए कैसा होगा वर्ष 2017, संपूर्ण भविष्य फल - Tula Rashi 2017
इस राशि के लोग सुंदर आकर्षक व्यक्तित्व वाले होते हैं। आंखों में चमक व चेहरे पर प्रसन्नता झलकती है। वे अक्सर कला, संगीत और खूबसूरत जगहों से घिरे होते हैं।  जानिए नया साल क्या लाया है आपके लिए... 
तुला- रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते 
नौकरी और व्यवसाय
 
इस राशि के जातकों के लिए यह वर्ष नौकरीपेशा लोगों के लिए अच्छा रहेगा। अपने प्रतिद्वंदियों को प्रतिस्पर्धा से पीछे छोड़कर आप निरंतर आगे की ओर अग्रसर होंगे। जो लोग नौकरीपेशा हैं, उन्हें प्रोमोशन के साथ-साथ कोई अतिरिक्त जिम्मेदारी भी मिल सकती है। अगर आपका स्थानांतर होता है तो उसे सहर्ष स्वीकार कर लें, क्योंकि आगे आपको बहुत लाभ मिलने की संभावना है। व्यावसायिक प्रगति के लिए समय अनुकूल है। व्यापारी वर्ग इस वर्ष किसी नए व्यवसाय में धन निवेश करें तो उन्हें लाभ प्राप्त होगा। वर्षांत में बड़ा निवेश करने से बचें। पैसों के लेन-देन में भी सतर्कता बरतें, क्योंकि किसी नजदीकी व्यक्ति से धोखा मिल सकता है। शेयर बाजार से जुड़े व्यक्तियों के लिए समय अच्छा नहीं है। भावनाओं में बहकर किसी भी प्रकार का निवेश करने से बचें। वर्ष मध्य में लाभदायक स्थिति बनने की संभावना है।
 
आर्थिक स्थिति
 
यह साल आर्थिक मामलों के लिए संतोषजनक है, साथ ही धन प्राप्ति के योग भी बनेंगे। धन कमाने के लिए आप अतिरिक्त परिश्रम भी करेंगे। आर्थिक प्रगति के लिए आप कोई विशेष योजना बना सकते हैं। कोई पुराना रुका पैसा अचानक वापस मिलने की भी संभावना है। विदेश या जन्म स्थान से दूर धनलाभ होने की भी संभावना है।
 
विद्यार्थियों के लिए
 
इस वर्ष विद्यार्थियों को अतिरिक्त मेहनत के लिए तैयार रहना चाहिए। वैसे इस समय आपकी बौद्धिक शक्ति काफी अच्छी रहेगी। करियर का चुनाव करने के लिए आप किसी विशेष व्यक्ति की सलाह ले सकते हैं एवं इस दिशा में फैसला लेने के लिए सक्रिय रहेंगे। अपने शिक्षकों से भी आपको सहयोग मिलने की संभावना है। मनपसंद शिक्षा के क्षेत्र में चुनाव करने के लिए साल का मध्य समय अनुकूल है। जो विद्यार्थी पढ़ाई हेतु विदेश जाना चाहते हैं, उनको अपने प्रयास तेज कर देने चाहिए। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी व उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे जातकों के लिए यह समय परिश्रम करने का है।
 
पारिवारिक जीवन
 
परिवार में किसी सदस्य का स्वास्थ्य खराब होने से आर्थिक खर्च होगा। भाइयों व कुटुंबियों से आपका कोई विवाद संभव है। आपका मन भी कुछ चिंतायुक्त रहेगा, इस कारण अकारण ही मानसिक रूप से परेशानी महसूस कर सकते हैं। रिश्ते-नातेदारों से दूरियां बन सकती हैं। अनैतिक कार्य से दूर रहने में ही अच्छा है। धार्मिक मामलों में आपकी दिलचस्पी बढ़ सकती है। वाहन चलाते समय सतर्कता रखें, क्योंकि छोटी-मोटी दुर्घटना हो सकती है। पिता के स्वास्थ्य की चिंता रह सकती है। माता एवं परिवार के सदस्यों के साथ संबंध तनावपूर्ण रह सकते हैं। जीवनसाथी के साथ किसी भी प्रकार के वाद-विवाद से बचना होगा। वर्ष के मध्य में स्थिति बेहतर बनने लगेगी।
 
कैसा रहेगा स्वास्थ्य?
 
स्वास्थ्य के मामले में आपको सावधानी से चलने की जरूरत है। कामकाज की व्यस्तता की वजह से आप शारीरिक तौर पर अस्वस्थ व थकान अनुभव करेंगे। मौसम परिवर्तन से होने वाली बीमारियों के प्रति सावधानी बरतें। मोटापे से पीड़ित लोगों को मांसपेशियों में दर्द की शिकायत रह सकती है। छोटी-मोटी बीमारियों को नजरअंदाज न करें। कामकाज से थोड़ी राहत मिले तो आप कहीं सैर-सपाटे पर जाने का मन बना सकते हैं। जो पुरानी बीमारी से परेशान हैं, उन्हें अपनी सेहत का खास ख्याल रखना होगा। योगासन एवं ध्यान पर विशेष ध्यान देकर चलें तो इससे आपको काफी लाभ हो सकता है।

अन्य राशियां यहां पढ़ें

 

 
 
 
 

वर्ष 2017 :  संपूर्ण भविष्य फल 
 
जनवरी- विद्यार्थी वर्ग के लिए समय सुखद रहेगा, वहीं संतान पक्ष का सहयोग मिलेगा। व्यापार-व्यवसाय में अनुकूल स्थिति रहेगी। नौकरीपेशा भी सुखद स्थिति पाएंगे। पारिवारिक सहयोग मिलेगा। शत्रुपक्ष पर प्रभाव बना रहेगा।
 
फरवरी- सोचे कार्य में परिश्रम द्वारा सफल होंगे। शत्रुपक्ष से भी लाभ रह सकता है। शासकीय मामलों में कार्यकुशलता से बनेंगे। आर्थिक मामलों में सावधानी रखना होगी। शत्रुओं से लाभजनक स्थिति रहेगी। भाग्य साथ देगा, स्वास्थ्य उत्तम रहेगा।
 
मार्च- कर्ज की स्थिति से राहत मिलेगी, वहीं ननिहाल पक्ष से सहयोग मिल सकता है। स्त्री पक्ष से विवाद की स्थिति टालना होगी। व्यापार-व्यवसाय में सतर्कता रखकर चलना होगा। लिखा-पढ़ी के मामलों में ध्यान रखें। भाइयों से सहयोग मिलेगा।
 
अप्रैल- जीवनसाथी के सहयोग से कार्य में प्रगति आएगी। दैनिक व्यापार में सुखद स्थिति रहेगी। नौकरीपेशा व्यक्तियों को सावधानी रखना होगी। अधिकारी वर्ग भी संभलकर चलें। धन की बचत के साथ वाणी का प्रभाव बढ़ेगा।
 
मई- आर्थिक बचत के योग बनेंगे जिससे आपकी आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। राजनीतिज्ञ व्यक्तियों के लिए संभलकर चलने का समय रहेगा। वाहनादि जरा संभलकर चलाएं। परिश्रम अधिक करने पर मनमाफिक सफलता पाएंगे। स्वास्थ्य ठीक रहेगा। 
 
जून- सावधानीपूर्वक कदम बढ़ाएं, सफल होंगे। जरा-सी असावधानी नुकसानप्रद होगी। व्यापार-व्यवसाय में जोखिम के कार्य से बचना होगा। नौकरीपेशा भी संभलकर चलें। शत्रुपक्ष पर सतर्कता बरतें। मानसिक बेचैनी महसूस करेंगे।
 
जुलाई- पिछले समय से चली आ रही बाधाएं दूर होंगी। भाग्योन्नति में भी अनुकूल स्थिति पाएंगे। वाणी में संयम रखना होगा, नहीं तो अपने ही शत्रु बनेंगे। बाहरी व्यक्तियों का सहयोग मिलेगा। मानसिक बेचैनी दूर होगी। स्वास्थ्य ठीक रहेगा। 
 
अगस्त- व्यापार-व्यवसाय से जुड़े व्यक्तियों के लिए संभलकर चलने का समय रहेगा। नवीन कार्ययोजनाओं को टालें। नौकरीपेशा अपने कार्य पर ध्यान देकर चलें। परिश्रम पर ध्यान रखना होगा, स्वास्थ्य मिला-जुला रहेगा। शत्रुपक्ष पर सावधानी रखें। 
 
सितंबर- पारिवारिक मामलों में अनुकूल स्थिति रहेगी। जमीन संबंधित कार्य बनेंगे। व्यापार आदि के मामलों में सावधानी रखना होगी। पिता के स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा। शत्रुपक्ष से बचना होगा, खर्च अधिक रहेगा।
 
अक्टूबर- समय का सदुपयोग कर आप अपने कार्य में सफल होंगे। सौन्दर्य के प्रति रुझान बढ़ेगा। स्वास्थ्य उत्तम ही रहेगा। वाहनादि थोड़ी सावधानी से चलाएं। पारिवारिक मामलों में खर्च होगा। लेन-देन संभलकर करें। वाक् चातुर्य का लाभ मिलेगा। 
 
नवंबर- आर्थिक मामलों में मिली-जुली स्थिति रहेगी। प्रभाव में भी कुछ कमी आ सकती है। जीवनसाथी का सहयोग मिलने से राहत महसूस करेंगे। स्वास्थ्य ठीक रहेगा, लेन-देन में भी सुधार आएगा। नौकरीपेशा व्यक्तियों के लिए समय ठीक रहेगा।
 
दिसंबर- आय के साधनों में वृद्धि होगी। वाणी के प्रभाव से कार्य में कुशलता आएगी। स्वास्थ्य ठीक रहेगा। व्यापार-व्यवसाय से जुड़े व्यक्तियों के लिए समय ठीक रहेगा। नौकरीपेशाओं के लिए सहयोगवादी समय रहेगा, पराक्रम बढ़ेगा।
 
वर्ष के लिए उपाय
 
1. शुक्रवार के दिन कन्याओं को खीर खिलाएं।
2. गरीब लोगों की यथासंभव मदद करें।
3. शनिवार को काली वस्तुएं व काली दाल का दान करें।
4. शिवजी व भैरवजी की नियमित पूजा करना फायदेमंद रहेगा।