शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. ISL, Season 5, Football Tournament
Written By
Last Modified: शनिवार, 10 नवंबर 2018 (16:08 IST)

आईएसएल के पांचवें सीजन में मुंबई ने जीत की हैट्रिक के साथ रोका नार्थईस्ट का अजेय रथ

आईएसएल के पांचवें सीजन में मुंबई ने जीत की हैट्रिक के साथ रोका नार्थईस्ट का अजेय रथ - ISL, Season 5, Football Tournament
गुवाहाटी। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन में शानदार शुरुआत करने वाली नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी घर में अपनी जीत का खाता नहीं खोल पाई और साथ ही अपने अजेय क्रम को भी बरकारर नहीं रख सकी।


मुंबई सिटी एफसी ने शुक्रवार को नार्थईस्ट युनाइटेड को उसके घर इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में 1-0 से मात दी।यह नार्थईस्ट की इस सीजन में पहली हार है। वहीं घर में दो मैच ड्रॉ कराने के बाद उसे हार नसीब हुई है। नार्थईस्ट ने अभी तक अपने तीनों मैच घर से बाहर जीते हैं। उम्मीद थी कि वह मुंबई के खिलाफ घर में जीत का खाता खोल लेगी लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

वहीं मुंबई की यह लगातार तीसरी जीत है। इस जीत के साथ मुंबई 10 टीमों की अंकतालिका में तीसरें स्थान पर आ गई है। उसके 7 मैचों में 4 जीत, 1 ड्रॉ और 2 हार के साथ 13 अंक हैं। एफसी गोवा और बेंगलुरु एफसी के भी 13-13 अंक हैं लेकिन गोल अंतर में दोनों टीमें मुंबई से आगे हैं इसलिए क्रमशः पहले और दूसरे स्थान पर हैं। नार्थईस्ट एक स्थान खिसक कर पांचवें स्थान पर आ गई है।

उसके 6 मैचों में 3 जीत, 2 ड्रॉ और 1 हार के बाद 11 अंक हैं। मैच की शुरुआत दोनों टीमों ने आक्रामकता के साथ की। मेजबान टीम को मैच के दूसरे मिनट में ही फ्री किक मिली जिसका फायदा उठाने में वह कामयाब नहीं रहीं, लेकिन मुंबई ने हाथ आए मौके को छोड़ा नहीं और चौथे मिनट में ही गोल कर बढ़त ले ली।

मुंबई के लिए यह गोल पाउलो मचाडो ने किया। मुंबई को कॉर्नर मिला जिसे मचाडो ने लिया। नार्थईस्ट के शुभाशीष बोस ने इसका बचाव किया। गेंद अर्नाल्ड इसाको के पास आई जिन्होंने उसे मचाडो को दिया और इस खिलाड़ी ने नेट पर निशाना लगाया जो गोलकीपर के पास गया लेकिन गोलकीपर गलती से गेंद लेकर लाइन के अंदर थे और इसी कारण रैफरी ने इसे गोल करार दिया।

एक गोल से आगे होने के बाद मुंबई को हालांकि दो येलो कार्ड मिले। नौवें मिनट में लुसियान गोइयान और 15वें मिनट में सेहनाज सिंह को पीला कार्ड मिला। 23वें मिनट में नार्थईस्ट के कप्तान और स्टार खिलाड़ी ओग्बेचे के पास गोल करने का बेहतरीन मौका था। रीडीम टिएंग ने उन्हें बाईं तरफ क्रॉस पास दिया जिस पर ओग्बेचे ने हेडर लिया लेकिन उनका शॉट गोलपोस्ट के बेहद पास से बाहर चला गया।

35वें मिनट में मेजबान टीम को फ्रीकिक भी मिली जो गोलपोस्ट के ऊपर से बाहर चली गई। 40वें मिनट में मुंबई के राफेल बास्तोस के पास टीम का दूसरा गोल करने का मौका आया। मचाडो ने उन्हें गोलपोस्ट के ठीक सामने नीचा पास दिया जिसे उन्होंने नेट में डालना चाहा। हालांकि उनकी यह किक पोस्ट के पास से बाहर चली गई। 
 
पहले हाफ के अंत तक मुंबई के पास एक गोल की बढ़त थी। मेजबान टीम पीछे रहने वाली नहीं थी। उसने कोशिशें जारी रखीं और इस बीच 47वें मिनट में ओग्बेचे ने बाईं तरफ से भागते हुए गोलपोस्ट के सामने जुआन मास्किया को गेंद दी लेकिन शुभाशीष उनके बीच में आ गए।

थोड़ी देर बाद मुंबई के साउगोउ भी गोल करने का आसान सा मौका गंवा बैठे। 55वें मिनट में नार्थईस्ट के तीन खिलाड़ी जल्दबाजी में गोल करने का मौका खो बैठे। अगले ही मिनट में नार्थईस्ट के मास्किया को बराबरी का गोल करने का मौका मिला। गेंद दाईं तरफ उनके पास आई। मास्किया ने समय ज्यादा लिया इसलिए गेंद को बाहर खेल गए।

साउगोउ के पास दूसरे हाफ की शुरुआत में की गई गलती को सुधारने को मौका मिला था। यह इस मैच का सबसे सरल मौका भी कहा जा सकता है। गेंद साउगोउ के पास आई। इस खिलाडी के सामने सिर्फ गोलकीपर थे, लेकिन साउगोउ गेंद को काफी ऊपर खेल बैठे।

गोल होता न देख नार्थईस्ट ने बदलाव किया और 64वें मिनट में रोबर्ट लालथालमुआना को बाहर बुला कीगन पीइरेरा को मैदान पर उतारा। चार मिनट बाद मिटो ग्ररगिक को येलो कार्ड मिला। कीगन ने 72वें मिनट में गोल करने की कोशिश भी की लेकिन वह सीधे गोलकीपर के हाथों में गेंद को खेल बैठे।

अंतिम पलों में दोनों टीमों के पास गोल करने के अच्छे और करीबी मौके आए लेकिन दोनों टीमों के खिलाड़ियों में तालमेल की कमी और सटीक संयोजन की कमी के चलते गोल नहीं हो सका और नार्थईस्ट को इस सीजन की पहली हार का सामना करना पड़ा। (वार्ता)
 
ये भी पढ़ें
गुजरात के कच्छ में भूकंप के हल्के झटके