शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Indian hockey team Belgium
Written By
Last Modified: गुरुवार, 18 जनवरी 2018 (15:33 IST)

भारतीय पुरुष हॉकी टीम बेल्जियम से हारी

भारतीय पुरुष हॉकी टीम बेल्जियम से हारी - Indian hockey team Belgium
तौरंगा (न्यूजीलैंड)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम 4 पेनल्टी कॉर्नरों में से 1 का भी फायदा नहीं उठा सकी जिससे उसे गुरुवार को यहां ब्लैक पार्क में 4 देशों के आमंत्रण टूर्नामेंट में बेल्जियम के खिलाफ 0-2 से शिकस्त का सामना करना पड़ा।

बेल्जियम की ओर से सबेस्टियन डोकियर (8वें मिनट) और विक्टर वेगनेज (34वें मिनट) ने गोल दागे। दोनों टीमों ने पहले क्वार्टर में रोमांचक खेल दिखाया लेकिन बेल्जियम की टीम ने लगातार भारतीय डिफेंस की परीक्षा ली। बेल्जियम ने चौथे मिनट में ही अच्छा मूव बनाया लेकिन चोट के कारण लंबे समय बाद टीम में वापसी कर रहे गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने इस हमले को नाकाम कर दिया।

4 मिनट बाद डोकियर ने हालांकि रिवर्स हिट पर श्रीजेश को छकाते हुए बेल्जियम को 1-0 की बढ़त दिला दी। भारत को 12वें मिनट में मैच का पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन यह बर्बाद गया, क्योंकि गेंद को डी के ऊपर नहीं रोका जा सका। बेल्जियम के मजबूत डिफेंस ने दूसरे क्वार्टर में भारतीय अग्रिम पंक्ति को अधिक आक्रमण नहीं करने दिया।

दूसरे क्वार्टर के 7वें मिनट में हालांकि युवा खिलाड़ियों अरमान, विवेक प्रसाद और मनदीप की तिकड़ी ने बेल्जियम के डिफेंडरों को गलती करने को मजबूर किया और भारत को दूसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन हरमनप्रीत की ड्रैग फ्लिक को बेल्जियम के डिफेंडर ने रोक दिया।

कुछ मिनटों बाद फॉरवर्ड रमनदीप सिंह ने शानदार मूव बनाते हुए बेल्जियम के सर्कल में जगह बनाई लेकिन उनका पास ऊंचा रहा जिस पर मनदीप ने स्टिक तो लगाई लेकिन गेंद क्रॉस बार के ऊपर से बाहर चली गई। मध्यांतर तक बेल्जियम की टीम 1-0 से आगे थी।

तीसरे क्वार्टर के पहले ही मिनट में भारत को तीसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन इस बार वरुण कुमार की ड्रैग फ्लिक को बेल्जियम के डिफेंडर ने गोल से दूर कर दिया। कुछ ही मिनटों बाद भारत की डिफेंस की गलती का फायदा उठाते हुए विक्टर ने 34वें मिनट में 1 और गोल दागकर बेल्जियम को 2-0 से आगे कर दिया। भारत ने संघर्ष जारी रखा।

विवेक सागर प्रसाद ने अच्छा मूव बनाया लेकिन 'डी' के अंदर कूदने के बावजूद रमनदीप गेंद तक नहीं पहुंच पाए। भारत को कुछ देर बाद चौथा पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन बेल्जियम ने इसे भी नाकाम कर दिया। अंतिम क्वार्टर में भारत आक्रमण में तेजी लाया और कुछ अच्छे मौके भी बनाए लेकिन गोल करने में सफलता नहीं मिली। भारत अपने तीसरे मैच में शनिवार को न्यूजीलैंड से भिड़ेगा। (भाषा)
ये भी पढ़ें
कुश्ती लीग से हटने की खबरों को मुम्बई महारथी ने नकारा