• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. MCD election : BJP chargesheet against Kejriwal government
Written By
Last Modified: गुरुवार, 17 नवंबर 2022 (15:24 IST)

MCD चुनाव : दिल्ली भाजपा ने जारी किया आरोप पत्र, केजरीवाल सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

MCD चुनाव : दिल्ली भाजपा ने जारी किया आरोप पत्र, केजरीवाल सरकार पर लगाए गंभीर आरोप - MCD election : BJP chargesheet against Kejriwal government
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनाव की तैयारियों के बीच प्रदेश भाजपा ने ‘आप’ सरकार पर अपने वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया और उसके खिलाफ एक आरोप पत्र जारी किया।
 
भाजपा के वरिष्ठ नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप पत्र पढ़ते हुए दावा किया कि इसमें उठाए गए मुद्दों की पड़ताल कर ली गई है। साथ ही उन्होंने ‘आप’ के संयोजक अरविंद केजरीवाल को उनके साथ इस पर बहस करने की चुनौती दी।
 
बिधूड़ी ने आरोप लगाया कि अपने 8 साल के शासन में केजरीवाल सरकार ने दिल्ली को दुनिया की सबसे प्रदूषित राष्ट्रीय राजधानी और शहर की हर गली में शराब की दुकानें खोलने की अनुमति देकर इसे नशे की राजधानी भी बना दिया।
 
उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा यमुना की सफाई के लिए 2,500 करोड़ रुपए मुहैया कराए जाने के बाद भी आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार में यह नदी गंदे पानी का नाला बनी हुई है।
 
दिल्ली के मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए बिधूड़ी ने कहा कि केजरीवाल संविधान में विश्वास नहीं करते, उन्होंने (केजरीवाल) दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) का कोई लेखा परीक्षण (ऑडिट) नहीं कराया, जो घाटे में चल रहा था और विधानसभा में विभागों का नियन्त्रक एवं महालेखापरीक्षण से आडिट कराने को भी नजरअंदाज किया।
 
दिल्ली विधानसभा में विपक्षी नेता ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पानी और बिजली आपूर्ति, सार्वजनिक परिवहन के साथ कई अन्य क्षेत्रों में केजरीवाल सरकार की विफलताओं का हवाला दिया।
 
उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार ने विश्व स्तरीय स्वास्थ्य और शिक्षा मॉडल देने का दावा किया है पर वास्तव में 8 साल से सत्ता में रहने के बाद भी ये (आप) एक स्कूल, कॉलेज या अस्पताल खोलने में भी विफल रही है।
 
उल्लेखनीय है कि दिल्ली नगर निगम के 250 वार्डों के चुनाव के लिए 4 दिसंबर को मतदान होगा और मतों की गिनती के बाद 7 दिसंबर को परिणामों की घोषणा की जाएगी।
ये भी पढ़ें
केदार घाटी में बनने वाले मिनी एयरपोर्ट को पर्वतीय शैली में तैयार किए जाने की तैयारी, यात्रियों को होगी सुविधा