शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. india broke bangladesh guinness book of world record of national anthem in group
Written By
Last Modified: शनिवार, 21 जनवरी 2017 (17:23 IST)

गुजरात के मंदिर में सामूहिक राष्ट्रगान, बना विश्व कीर्तिमान

गुजरात के मंदिर में सामूहिक राष्ट्रगान, बना विश्व कीर्तिमान - india broke bangladesh guinness book of world record of national anthem in group
अहमदाबाद। गुजरात के एक मंदिर में शनिवार को साढ़े तीन लाख से अधिक लोगों ने एक साथ राष्ट्रगान के सामूहिक गायन का एक नया विश्व कीर्तिमान बनाया जिसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने दर्ज कर लिया।
मजेदार बात यह है कि यह रिकॉर्ड इससे पहले बांग्लादेश के नाम था जिसने उससे पूर्व भारत के ही रिकॉर्ड को तोड़कर इसे अपने नाम किया था। राजकोट शहर से करीब 60 किलोमीटर दूर कागवड में स्थित विशाल खोडलधाम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान शनिवार सुबह साढ़े तीन लाख से अधिक लोगों ने एक साथ जन गण मन... का गायन कर यह रिकॉर्ड बनाया। 
 
गिनीज प्रबंधन ने खोडलधाम ट्रस्ट के चेयरमैन नरेश पटेल को संबंधित प्रमाणपत्र प्रदान कर दिया है। ट्रस्ट के नए प्रमुख परेश गजेरा ने बताया रिकॉर्ड बनने का सनद मिल गया है पर भाग लेने वालों की वास्तविक गिनती जारी है और यह आंकड़ा पांच लाख के ऊपर जाने का अनुमान है।
  
इससे पहले 26 मार्च 2014 को बांग्लादेश की राजधानी ढाका के नेशनल परेड मैदान मे 2 लाख 54 हजार 537 लोगों ने वहां का राष्ट्रगान गाकर यह रिकॉर्ड बनाया था, जबकि उससे पूर्व लखनऊ में सहारा समूह के एक कार्यक्रम में छह मई 2013 को 1 लाख 21 हजार 653 लोगों ने यह रिकॉर्ड बनाया था। उससे भी पहले पाकिस्तान के नाम पर यह कीर्तिमान था और वहां करीब 43 हजार लोगों ने सामूहिक राष्ट्रगान किया था।
  
मजेदार बात यह है कि गुजरात के पाटीदार अथवा पटेल समुदाय की लेवुआ उपजाति के इस मंदिर में धार्मिक ध्वज से अलग राष्ट्रध्वज को स्थायी तौर पर फहराने के लिए एक अलग ऊंचा मंच बनाया गया है। पाटीदार आरक्षण आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल दूसरी उपजाति कड़वा से आते हैं। समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल तथा विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया भी मौजूद थे। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
मोदी सरकार की सबसे बड़ी भूल नोटबंदी : कांग्रेस