सोमवार, 22 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. साहित्य
  3. मेरा ब्लॉग
  4. Bollywood actress shridevi

श्रीदेवी : एक लंबी अत्यंत सफल यात्रा का अचानक से अंत हो जाना

श्रीदेवी : एक लंबी अत्यंत सफल यात्रा का अचानक से अंत हो जाना - Bollywood actress shridevi
भारतीय सिनेमा की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में से एक दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी का जन्म तमिलनाडु के शहर शिवाकाशी में 13 अगस्त 1963 को हुआ। उनके पिता का नाम अय्यपन और मां का नाम राजेश्वरी है। उनके पिता पेश से वकील और मां गृहिणी थीं। श्रीदेवी के पिता जहां तमिल थे, तो वहीं मां तेलुगु थीं। श्रीदेवी की 1 बहन और 2 सौतेले भाई हैं। 1996 में श्रीदेवी ने फिल्म निर्माता बोनी कपूर से शादी की, जो अनिल कपूर और संजय कपूर के बड़े भाई भी हैं। श्रीदेवी और बोनी कपूर की 2 बेटियां जान्हवी कपूर और खुशी कपूर हैं।
 
श्रीदेवी एक ऐसी अभिनेत्री रही हैं जिन्होंने कई भाषाओं (हिन्दी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, और कन्नड़) की फिल्मों में अभिनय किया है। श्रीदेवी एक बहुमुखी कलाकार थीं। उनको हर तरह की भूमिकाओं को पर्दे पर जीवंत करने के लिए जाना जाता है। श्रीदेवी हर तरह के किरदार में अपने आपको फिट कर लेती थीं, चाहें वह कोई गंभीर भूमिका हो या कोई हास्य भूमिका। हर तरह के किरदार में अपने आपको पर्दे पर ढालना श्रीदेवी की सबसे बड़ी खूबी थी।
 
श्रीदेवी को 1990 के दशक में सबसे अधिक भुगतान पाने वाली महिला 'सुपरस्टार' के रूप में भी जाना जाता है। श्रीदेवी ने 1975 में आई फिल्म 'जूली' से पदार्पण किया था। श्रीदेवी ने बॉलीवुड में प्रमुख अभिनेत्री के तौर पर 'सोलवां सावन' से 1978 में पदार्पण किया। सोलवां सावन के 5 साल बाद श्रीदेवी ने 'हिम्मतवाला' में जितेन्द्र के साथ काम किया। फिल्म 1983 में रिलीज हुई और वर्ष की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक बन गई। इस फिल्म का गाना 'नैनों में सपना...' काफी मशहूर हुआ। इसके अलावा श्रीदेवी ने कई बड़ी फिल्मों में भी अहम किरदार निभाए। इनमें प्रमुख रूप से 'सदमा', चांदनी', चालबाज', नगीना', 'सरफरोश', मिस्टर इंडिया' जैसी दर्जनों फिल्में थीं जिनमें निभाए हुए किरदारों की वजह से श्रीदेवी भारत के जनमानस के दिलों पर राज करने लगीं।
 
90 के दशक में श्रीदेवी की फिल्मों के सदाबहार गानों और उनके नृत्य की भी धमक रहती थी। इनमें प्रमुख रूप से 'हिम्मतवाला' फिल्म का 'नैनों में सपना...', 'चांदनी' फिल्म का 'चांदनी ओ मेरी चांदनी...', 'नगीना' फिल्म का 'मैं नागिन तू सपेरा...', 'मिस्टर इंडिया' फिल्म के 'करते हैं हम प्यार मिस्टर इंडिया से...' 'हवा हवाई...', 'काटे नहीं कटते ये दिन, ये रात...', 'लम्हे' फिल्म का 'मोरनी बागा मा बोले आधी रात मा...', 'रूप की रानी चोरों का राजा' फिल्म का 'रूप की रानी चोरों का राजा...' सहित दर्जनों पॉपुलर गानों के साथ अपने नृत्य और प्रदर्शन से करोड़ों लोगों के दिलों पर राज किया।
 
श्रीदेवी ने साल 1997 में फिल्म 'जुदाई' के बाद से 15 सालों के लिए फिल्मों से दूरी बना ली थी। इसके बाद साल 2012 में फिल्म 'इंग्लिश-विंग्लिश' से उन्होंने धमाकेदार वापसी की और फिल्म सुपरहिट साबित हुई। साथ ही इतने सालों तक अभिनय से दूर रहने की बावजूद श्रीदेवी के परिपक्व अभिनय ने सबका दिल जीता। साल 2017 में श्रीदेवी की फिल्म 'श्मॉमश्' फिल्म भी रिलीज हुई थी जिसमें भी श्रीदेवी का अभिनय काफी शानदार था।
 
श्रीदेवी ने अपने फिल्मी करियर में 5 फिल्मफेयर अवॉर्ड जीते हैं जिनमें से 4 फिल्मों (लम्हे- हिन्दी, चालबाज- हिन्दी, मीनदुम कोकिला- तमिल, क्षणा क्षणं- तेलुगु फिल्म) के लिए फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड और '16 वयतिनिले' फिल्म के लिए फिल्मफेयर स्पेशल अवॉर्ड-साउथ मिला है। उन्हें 10 बार फिल्मफेयर अवॉर्ड के लिए नामांकित किया गया। श्रीदेवी को 2013 में देश के चौथे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पदमश्री से उस समय के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
 
'जैसे को तैसा', 'जूली', 'सोलवां साल', 'हिम्मतवाला', 'जस्टिस चौधरी', 'जानी दोस्त', 'कलाकार', 'सदमा', 'अक्लमंद', 'इंकलाब', 'जाग उठा इंसान', 'नया कदम', 'मकसद', 'तोहफा', 'बलिदान', 'मास्टरजी', 'चालबाज', 'सरफरोश', 'आखिरी रास्ता', 'भगवान दादा', 'धर्म अधिकारी', 'घर संसार', 'नगीना', 'कर्मा', 'सुहागन', 'सल्तनत', 'औलाद', 'हिम्मत और मेहनत', 'नजराना', 'जवाब हम देंगे', 'मिस्टर इंडिया', 'शेरनी', 'सोने पे सुहागा', 'चांदनी', 'गुरु', 'निगाहें', 'बंजारन', 'फरिश्ते', 'पत्थर के इंसान', 'लम्हे', 'खुदा गवाह', 'हीर-रांझा', 'चन्द्रमुखी', 'गुमराह', 'रूप की रानी चोरों का राजा', 'चांद का टुकड़ा', 'लाड़ला', 'आर्मी', 'मि. बेचारा', 'कौन सच्चा कौन झूठा', 'जुदाई', 'इंग्लिश विंग्लिश', 'मॉम' जैसी सैकड़ों फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से हर तरीके की भूमिकाओं से पहचान बनाने वाली श्रीदेवी का जिंदादिल अभिनय भारत के प्रत्येक नागरिक के दिलों में हमेशा जिंदा रहेगा।
 
दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी ने न केवल अपने सौन्दर्य से, बल्कि अपनी अभिनय-निपुणता की वजह से कई दशकों तक भारतीय सिनेमा में अपने चाहने वालों के दिल में एक खास स्थान प्राप्त किया। श्रीदेवी ने अपने लंबे करियर में अनेक विविधतापूर्ण भूमिकाएं कीं और भारत के करोड़ों लोगों का दिल जीता। श्रीदेवी ने अपने अविस्मरणीय अभिनय से भारतीय सिनेमा प्रेमियों का कई दशकों तक अनेक तरह की भूमिकाओं को पर्दे पर जीवंत कर मनोरंजन किया। ऐसी दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी का निधन दुबई में 24 फरवरी 2018, शनिवार की रात को 54 साल की उम्र में हार्टअटैक हो गया।
 
श्रीदेवी के निधन की खबर सुनकर हर कोई स्तब्ध है। श्रीदेवी के अंदर अभिनय का भंडार था। उनकी एक लंबी अत्यंत सफल यात्रा का अचानक से अंत हो जाना भारतीय सिनेप्रेमियों के लिए अत्यंत दुखद है। श्रीदेवी का अविस्मरणीय अभिनय हमेशा दूसरे कलाकारों के लिए प्रेरणा का काम करेगा। दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी का अचानक इस दुनिया से चले जाना उनके करोड़ों प्रशंसकों के लिए व्यक्तिगत क्षति है। श्रीदेवी को प्यार करने वाले हर व्यक्ति के लिए यह अत्यंत दु:ख की घड़ी है।
 
आज बेशक यह महान अभिनेत्री हमारे बीच में मौजूद नहीं है, लेकिन उनके बेहतरीन अभिनय की छाप हिन्दुस्तान के सिनेप्रेमियों के बीच हमेशा अमर रहेगी और पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। ईश्वर महान अभिनेत्री श्रीदेवी की आत्मा को शांति प्रदान करे!