गुरुवार, 30 जनवरी 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Water will reach every farm through the Ken-Betwa Link Project Chief Minister Dr. Yadav
Written By
Last Updated :निवाड़ी , रविवार, 22 दिसंबर 2024 (21:35 IST)

केन-बेतवा लिंक परियोजना से हर खेत तक पहुंचेगा पानी, निवाड़ी में बोले CM मोहन यादव

केन-बेतवा लिंक परियोजना से हर खेत तक पहुंचेगा पानी, निवाड़ी में बोले CM मोहन यादव - Water will reach every farm through the Ken-Betwa Link Project  Chief Minister Dr. Yadav
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आधुनिक भागीरथ हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश को समृद्ध और खुशहाल बनाने के लिये 2 बड़ी नदी जोड़ो परियोजनाएं सौगात के रूप में दी हैं। इन परियोजनाओं से हर खेत को पानी और हर व्यक्ति को पेयजल उपलब्ध होगा।
 
डॉ. यादव आज निवाड़ी में जन-कल्याण पर्व अंतर्गत आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी 25 दिसम्बर को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नदी जोड़ो अभियान के संकल्प को पूरा करने छतरपुर जिले के खजुराहो आ रहे हैं। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिये वे निवाड़ी जिले के सभी नागरिकों को आमंत्रित करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुन्देलखण्ड के हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचेगा। प्रदेश में बिजली की पर्याप्त आपूर्ति के साथ अब कृषि कार्य, उद्योग और पेयजल के लिए भरपूर पानी भी उपलब्ध होगा। 
 
देश की पहली नदी जोड़ो परियोजना से निवाड़ी के साथ संपूर्ण बुन्देलखण्ड का चहुंमुखी विकास भी संभव हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने प्रतिवर्ष एक अक्टूबर को धूमधाम के साथ निवाड़ी जिले के स्थापना दिवस को गौरव दिवस के रूप में मनाये जाने की घोषणा भी की।
 
डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पर ‘एक पेड़-मां के नाम’ पौधरोपण किया और राज्य सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों पर केन्द्रित विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन-बेतवा परियोजना से निवाड़ी जिले के हर खेत में पानी और हर घर तक पेयजल की सुविधा मिलने के साथ पलायन भी रूकेगा और आने वाली पीढ़ी का भविष्य बेहतर बनेगा। उन्होंने ‘रहिमन पानी राखिए, बिन पानी सब सून, पानी गए न ऊबरे, मोती मानस चून’ दोहा के माध्यम से पानी का महत्व एवं उपयोगिता के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि खेत को पानी मिलने पर अमृत रूपी फसल की पैदावार सुनिश्चित होती है।
 
डॉ. यादव ने कहा कि केन-बेतवा परियोजना के साकार रूप लेने पर बुन्देलखण्ड की तस्वीर एवं तकदीर बदलेगी। खेती का स्तर समृद्ध होने से किसानों के जीवन में खुशहाली आएगी। पंजाब, हरियाणा से भी फसल उत्पादन में बुन्देलखण्ड आगे होगा। उन्होंने सलाह देते हुए कहा कि किसान किसी भी जरूरत पर अपनी खेती की जमीन न बेचें। केन-बेतवा परियोजना से पूरे बुंदेलखण्ड क्षेत्र में कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और किसान समृद्ध होंगे।
 
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का एक वर्ष पूरे होने पर 11 से 26 दिसम्बर तक जन-कल्याण पर्व मनाया जा रहा है। इसकी शुरूआत गीता जयंती से की गई। भोपाल में 5 हजार से अधिक आचार्यों और बटुकों द्वारा गीता का सामूहिक पाठ कर विश्व रिकॉर्ड बनाया गया। 
 
इसी प्रकार अन्य जिलों में भी कार्यक्रम के माध्यम से पहली बार गीता जयंती का वृहद स्तर पर सफल आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि जन्म के बाद कर्म योग, भक्ति योग एवं ज्ञान योग की त्रिवेणी से जीवन के आनंद का अलग ही महत्व है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत प्रगति की ओर अग्रसर है। केन-बेतवा परियोजना भी भागीरथी प्रयासों का परिणाम है।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओरछा बुन्देलखण्ड की अयोध्या है। यहां रामराजा लोक बनने से धार्मिक पर्यटन बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी की सकारात्मक सोच एवं सार्थक प्रयास की बदौलत इस वर्ष अयोध्या में रामलला विराजमान हुए हैं। उन्होंने कहा कि बुन्देलखण्ड शौर्य एवं पराक्रम की भूमि रही है। 
 
बुन्देलखण्ड कभी भी गुलाम अथवा दासता में नहीं रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार गरीबों को साथ लेकर चलने वाली सरकार है।
उन्होंने कहा कि हमने जरूरतमंदों को उपचार के लिए हेलीकॉप्टर एवं एयर एम्बुलेंस की सेवा शुरू की हैं। पशुपालन को बढ़ावा देने के लिये दुग्ध-उत्पादकों को बोनस भी दिया जायेगा, इससे किसानों की आय बढ़ेगी। वर्ष 2025 को उद्योग वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। राज्य सरकार की मंशा है कि हर हाथ को काम मिले, इसके लिये हमने औद्योगिकीकरण का अभियान चलाया है।
 
डॉ यादव का प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा एवं स्थानीय विधायक ने भगवान रामराजा की प्रतिमा एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। प्रारंभ में मुख्यमंत्री द्वारा कन्या-पूजन एवं दीप-प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर हितलाभ वितरित किये। कार्यक्रम स्थल पर केन-बेतवा परियोजना से संबंधित बुन्देलखण्ड के विकास पर केन्द्रित वीडियो फिल्म भी दिखाई गई।
 
विधायक निवाड़ी अनिल जैन ने कहा कि किसानों को परियोजना के रूप में एक बहुत बड़ी सौगात मिली है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक शिशुपाल सिंह यादव, जन-प्रतिनिधि, संभागायुक्त डॉ वीरेन्द्र सिंह रावत, कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ सहित बड़ी संख्या में किसान एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
ये भी पढ़ें
MPPSC छात्रों की CM मोहन यादव से मुलाकात, मांगों के निराकरण के निर्देश, कहा- जल्द जारी होगी भर्ती