रविवार, 28 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. फोकस
  4. Hit and flop hindi movies of year 2023
Last Updated : शुक्रवार, 29 दिसंबर 2023 (13:58 IST)

Bollywood 2023 : ब्लॉकबस्टर, सुपरहिट और हिट फिल्मों की लिस्ट, यादगार रहा ये साल

Hit and flop hindi movies of year 2023 - Hit and flop hindi movies of year 2023
  • सालों बाद बॉलीवुड को मिली ऐसी कामयाबी 
  • बॉलीवुड की खराब होती इमेज भी हुई उजली 
  • जोरदार रहा शाहरुख और सनी का कमबैक 
वर्ष 2023 बॉलीवुड के लिए ऐसी कामयाबी लाया कि याद नहीं आता पिछली बार ऐसी सफलता हिंदी फिल्म इंडस्ट्री ने कब देखी थी। 2023 के पहले हिंदी फिल्म इंडस्ट्री पर काले बादल छाए हुए थे। सितारों की लोकप्रियता गिर गई थी। सिनेमाघर जाकर फिल्म देखना लोगों से छूट गया था। बॉयकॉट बॉलीवुड की बातें हो रही थी। नेपोटिज्म के आरोप लगने लगे थे। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की छवि को तार-तार किया जा रहा था। फिल्में दनादन फ्लॉप हो रही थी, लेकिन जनवरी 2023 में शाहरुख खान की पठान रिलीज होकर सुपरहिट हुई और दशा तथा दिशा दोनों बदल गई। 
 
2023 में एक-दो नहीं बल्कि पूरी 4 ब्लॉकबस्टर फिल्में मिली हैं। शाहरुख खान की पठान पहली ऐसी हिंदी फिल्म बनी जिसने 400 और 500 करोड़ के आंकड़े को छुआ। इस मूवी ने 543.22 करोड़ का कलेक्शन कर सभी को चौंका दिया। ऐसा लगा कि इस रिकॉर्ड को टूटने में बरसों लगेंगे, लेकिन सनी देओल की गदर 2 (पठान के हिंदी वर्जन से) ने इससे भी आगे निकल कर सभी को चौंका दिया। बात यही नहीं रूकी, शाहरुख खान की 'जवान' तो 600 करोड़ क्लब में शामिल हुई और इस मूवी ने 629.56 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। वर्ष के अंत में रणबीर की एनिमल रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर इसकी दहाड़ जारी है। 


 
सुपरहिट फिल्म श्रेणी में एक ऐसी फिल्म का नाम है जिसमें न एक्शन है, न भव्यता है, न भारी-भरकम बजट है और न ही कोई बड़ा स्टार है। 20 करोड़ की लागत से तैयार 'द केरल स्टोरी' ने 238.27 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस फिल्म से ऐसी कामयाबी की उम्मीद किसी ने नहीं की थी। 
 
जनता ने फिल्मों पर 2023 में खूब प्यार लुटाया। 12वीं फेल, फुकरे 3, ओएमजी 2 बॉक्स ऑफिस पर हिट रही। हॉलीवुड फिल्मों में ओपेनहाइमर, मिशन इम्पॉसिबल और फास्ट एक्स हिट रहीं। 
 
औसत श्रेणी में वो फिल्में हैं जो थोड़े से प्रॉफिट में रहीं। इनमें सैम बहादुर, टाइगर 3, तू झूठी मैं मक्कार, ड्रीमगर्ल 2, रॉकी और रानी की प्रेम कहानी, सत्यप्रेम की कथा, 1920 हॉरर्स ऑफ द हॉर्ट, जरा हटके जरा बचके शामिल हैं।  गार्जियन ऑफ द गैलेक्सी 3, जॉन विक चैप्टर 4, लियो और बार्बी के कलेक्शन भी औसत रहे। 

 
फ्लॉप तो कई फिल्में हुईं, लेकिन कुछ ऐसी थीं जिनसे सभी को बहुत आशाएं थीं, लेकिन इन फिल्मों ने निराश किया। तेजस, गणपत, मिशन रानीगंज, द ग्रेट इंडियन फैमिली, आदिपुरुष, किसी का भाई किसी की जान, भोला, सेल्फी, शहज़ादा में बड़े सितारे थे और बॉक्स ऑफिस पर अच्छे कारोबार की इन मूवीज़ से उम्मीद थी, लेकिन इनमें से कुछ बुरी तरह फ्लॉप रहीं। 
 
जहां तक हीरो का सवाल है तो शाहरुख खान ने जबरदस्त वापसी की। पिछले कई साल से हिट के लिए तरस रहे शाहरुख खान ने जवान और पठान जैसी ब्लॉकबस्टर दी और डंकी भी अच्‍छा कर रही है। वापसी तो सनी देओल की भी गजब रही। 65 प्लस सनी ने सोलो ब्लॉकबस्टर गदर 2 के रूप में दी। एनिमल में रणबीर कपूर ने अपने अभिनय से दर्शकों में लहर पैदा कर दी। 
 
सलमान खान, अक्षय कुमार, टाइगर श्रॉफ, कार्तिक आर्यन के लिए यह साल खास नहीं रहा और उन्हें नाकामी का मुंह देखना पड़ा। 
 
हीरोइनों में दीपिका पादुकोण का बोलबाला रहा। जवान और पठान के जरिये वे सबसे आगे रहीं। साउथ की हीरोइनें तेजी से आगे आ रही हैं। नयनतारा, पूजा हेगड़े और रश्मिका मंदाना ने अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई। कियारा आडवाणी, कृति सनोन, जान्हवी कपूर जैसे यंग एक्ट्रेसेस कुछ खास नहीं कर पाईं। 
 
ऑस्कर अवॉर्ड्स में भी भारतीय फिल्मों का नाम रोशन हुआ। आरआरआर के गाने और द एलिफेंट व्हिस्परर्स को ऑस्कर मिला तो सभी भारतीयों की छाती चौड़ी हो गई। 
 
कुछ शादियां भी 2023 में चर्चित रहीं। कियारा आडवाणी, अथिया शेट्टी, परिणीति चोपड़ा, स्वरा भास्कर, रणदीप हुड्डा ने शादी कर ली तो अरबाज खान ने भी दूसरी बार निकाह किया। 
 
सतीश कौशिक, जावेद खान, गुफी पेंटल, वैभवी उपाध्याय, आकांक्षा दुबे, दिनेश फडणीस और जूनियर मेहमूद ने 2023 में दुनिया को अलविदा कहा। 
 
बॉलीवुड फिल्मों का प्रदर्शन बॉक्स ऑफिस पर तो अच्‍छा रहा, लेकिन टिकटों की महंगी दर अब लोगों को चुभने लगी है। जरूरत है इस ओर ध्यान देने की। ओटीटी का ग्राफ लगातार साल दर साल ऊपर आ रहा है। दुनिया भर के शो और फिल्में यहां देखने को मिलती हैं इसलिए ये सिनेमाघर को कड़ी चुनौती पेश कर रहा है। इस साल भी ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर कई उम्दा भारतीय और विदेशी वेबसीरिज और फिल्में देखने को मिलीं। टीवी सीरियल अभी भी लोकप्रिय हैं, लेकिन ग्राफ स्थिर हो गया है। छोटे शहर वाले ही टीवी सीरियल देखना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। रियलिटी शो में म्यूजिक और डांस रिलेटेड तथा बिग बॉस ही लोकप्रिय हैं। 
 
कुल मिलाकर 2023 हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के लिए ब्लॉकबस्टर रहा। 
ये भी पढ़ें
सावधान... 30 दिसंबर को अयोध्या के ये रूट रहेंगे डायवर्ट, इन रास्तों पर ना जाएं, नहीं तो हो जाएंगे परेशान