शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. Bollywood, 100 crore club, Salman Khan, Records
Written By

बॉलीवुड के 100 करोड़ क्लब से जुड़े कई रोचक रिकार्ड्स, जानें कुछ खास

बॉलीवुड के 100 करोड़ क्लब से जुड़े कई रोचक रिकार्ड्स, जानें कुछ खास - Bollywood, 100 crore club, Salman Khan, Records
लगातार विरोध के बीच सिनेमाघरों में आई पद्मावत ने महज चार दिनों में ही बॉलीवुड के प्रतिष्ठित 100 करोड़ क्लब की सदस्यता हासिल कर ली है। जिस तेजी से फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन बढ़ रहा है, उसे देखकर कहा जा सकता है कि यह फिल्म जल्द ही 200 करोड़ क्लब में भी जगह बना लेगी। 
 
बॉक्स ऑफिस में किसी भी फिल्म के द्वारा 100 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार करना किसी मील के पत्थर की तरह माना जाता है। लोगों के बीच यह धारणा बन चुकी है कि फिल्म जितनी अधिक कमाई करती है, उतनी ही बेहतर एवं अच्छी होती है। यह एक विडम्बना ही है कि लोगों के इस पैमाने पर कई बेहतरीन फिल्में खरी नहीं उतर पाती और उन्हें अच्छी फिल्म होने का प्रमाण जनता से नहीं बल्कि क्रिटिक से लेना पड़ता है। 
 
बॉक्स ऑफिस कमाई के आधार पर पिछले कई सालों में कुछ खास श्रेणियों का निर्माण हुआ। इनमें सबसे पहले नाम 100 करोड़ क्लब का आता है, इसके बाद 200 करोड़, 300 करोड़ और अब 500 करोड़ क्लब की शुरुआत भी हो चुकी है। आइए बॉलीवुड के इसी 100 करोड़ क्लब का बारीकी से मुआयना करते हुए यह पता लगाने की कोशिश करते हैं कि आखिर इस एलीट समूह का बादशाह कौन है। इससे पहले 100 करोड़ क्लब को अच्छी तरह समझ लेते हैं। 
 
क्या है 100 करोड़ क्लब?
आम तौर पर लोग समझते हैं कि जिन फिल्मों की कुल कमाई 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर जाती है उन्हें 100 करोड़ क्लब में जगह दी जाती है। लेकिन कुल कमाई नहीं बल्कि भारतीय बॉक्स ऑफिस पर नेट कलेक्शन के आधार पर फिल्मों को इन एलीट समूहों में शामिल किया जाता है। 
 
कितनी फिल्में हैं 100 करोड़ क्लब का हिस्सा?
बॉलीवुड बॉक्स ऑफिस में अब तक 61 फिल्में (पद्मावत तक) 100 करोड़ क्लब में जगह बना चुकी हैं। इसमें राजामौली द्वारा निर्देशित बाहुबली के दोनों भाग के हिंदी संस्करण भी शामिल हैं। इसके अलावा 2 हॉलीवुड फिल्मों के हिंदी संस्करण भी इस एलीट क्लब का हिस्सा हैं। इस तरह कुल फिल्मों का आंकड़ा 63 तक पहुंच जाता है क्योंकि डब फिल्मों को भी जोड़ा गया है।  इस समूह की नवीनतम सदस्य फिल्म पद्मावत है। 
आइए अब बॉलीवुड बॉक्स ऑफिस के इस एलीट समूह से जुड़ी कुछ रोचक बातों पर नजर डालते हैं। 
1) साल 2008 में आई आमिर खान की सुपरहिट फिल्म गजनी को 100 करोड़ क्लब की पहली फिल्म होने का सम्मान प्राप्त है। यह फिल्म 16 दिनों में 100 करोड़ रूपए का नेट कलेक्शन कर इस आंकड़े को छूने वाली पहली फिल्म बनी थी। 
 
2) साल 2009 में एक बार फिर आमिर खान की फिल्म 3 इडियट्स इस क्लब का हिस्सा बनने वाली दूसरी फिल्म थी। साथ ही 202 करोड़ रूपए के नेट कलेक्शन के साथ इस फिल्म ने 200 करोड़ क्लब की शुरुआत हुई। इस फिल्म को 100 करोड़ के आंकड़े तक पहुंचने में 9 दिन का समय लगा था। 
 
3) इस प्रथा को जारी रखते हुए साल 2014 में आमिर की ही फिल्म पीके ने लगभग 340 करोड़ रूपए का नेट कलेक्शन करते हुए 300 करोड़ क्लब की नींव रखी। फिल्म पीके ने 4 दिन में 100 करोड़ का आंकड़ा छू लिया था। 
 
4) अगस्त 2013 में शाहरुख खान की फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस महज 3 दिनों में इस आंकड़े तक पहुंच गई थी। ऐसा करने वाली यह पहली फिल्म है। चेन्नई एक्सप्रेस के बाद अब तक कुल 9 फिल्में इतने कम समय में 100 करोड़ रूपए तक पहुंच पाई हैं। 
 
5) रिलीज के पहले सप्ताह में ही 100 करोड़ क्लब का हिस्सा बनने वाली फिल्मों की संख्या 22 है। 
 
6) साल 2012 में आई फिल्म बोल बच्चन को 100 करोड़ क्लब का हिस्सा बनने में 45 दिनों का समय लग गया था। इसके पहले तक अधिक समय लेने का रिकॉर्ड फिल्म सिंघम के नाम था, जिसे इस एलीट समूह का हिस्सा बनने में 37 दिनों का समय लगा था। मजेदार बात यह है कि दोनों ही फिल्में रोहित शेट्टी के द्वारा निर्देशित हैं। 
 
7) भारतीय फिल्मों के अलावा इस समूह में शामिल 2 हॉलीवुड फिल्में हैं, द जंगल बुक और फास्ट एंड फ्यूरियस 7। 
 
8) 100 करोड़ क्लब में शामिल कुछ फिल्में ऐसी भी हैं जो एक ही दिन रिलीज होने के बाद आपस में मिली प्रतिस्पर्धा के बावजूद 100 करोड़ रूपए का आंकड़ा पार करने में सफल रहीं। इनमें सबसे पहला नाम सन ऑफ सरदार और जब तक है जान का आता है। इसके बाद बाजीराव मस्तानी और दिलवाले, शिवाय और ऐ दिल है मुश्किल एवं काबिल और रईस भी एक ही दिन रिलीज होकर 100 करोड़ क्लब में जगह बना चुकी हैं। 
 
निर्देशकों में किसका है दबदबा?
1) यदि निर्देशकों को बात करें तो रोहित शेट्टी 100 करोड़ क्लब में अव्वल नजर आते हैं। इनके निर्देशन में बनी 7 फिल्में 100 करोड़ से अधिक नेट कलेक्शन कर चुकी हैं। 
 
2) रोहित शेट्टी की 7 फिल्मों के अलावा इस क्लब में संजय लीला भंसाली और कबीर खान की 3-3 फिल्में शामिल हैं। साथ ही फिल्म बाहुबली के निर्देशक राजामौली, राजकुमार हिरानी, एआर मुरुगादॉस और अली अब्बास जफर की 2-2 फिल्में इस सूची में जगह बना पाई हैं। 
 
अभिनेताओं में कौन है इस एलीट समूह का बादशाह?
1) अभिनेताओं की बात की जाए तो 100 करोड़ क्लब में सलमान खान की दबंगई जम कर चलती है। इस क्लब में सलमान की सर्वाधिक 12 फिल्में आपको नजर आएंगी। 
 
2) 100 करोड़ क्लब में सर्वाधिक फिल्मों के साथ ही एक और अनूठा रिकॉर्ड सलमान के नाम दर्ज है। भाईजान की साल 2010 में आई फिल्म दबंग से लेकर हाल ही में आई टाइगर जिन्दा है तक सभी फिल्में 100 करोड़ रूपए से अधिक नेट कलेक्शन वाली साबित हुईं, मतलब लगातार 12 फिल्में इस एलीट समूह का हिस्सा बन चुकी हैं। सलमान जिस रफ़्तार से आगे बढ़ रहे हैं, उससे कहा जा सकता है कि यह सिलसिला शायद आगे भी जारी रहेगा। 
 
3) सलमान के बाद बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार का दबदबा है, जिनकी 8 फिल्में 100 करोड़ रूपए का आंकड़ा पार कर चुकी हैं। इसके बाद 7-7 फिल्मों के साथ अजय देवगन व शाहरुख खान का नंबर आता है। 
 
4) बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के इस एलीट समूह में मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान की 5, रितिक रोशन और वरुण धवन की 4-4 एवं रणबीर कपूर और रणवीर सिंह की 3-3 फिल्में शामिल हैं। 
 
100 करोड़ क्लब में किस अभिनेत्री का है बोलबाला?
1) फिल्म पद्मावत के साथ ही दीपिका पादुकोण 100 करोड़ क्लब की क्वीन साबित हुई हैं। दीपिका की कुल 7 फिल्में 100 करोड़ रूपए से अधिक का नेट कलेक्शन दर्ज करवा चुकी हैं। 
 
2) करीना कपूर खान दीपिका के साथ नजदीकी मुकाबले में है। करीना की अब तक 6 फिल्में इस खास समूह में जगह बना चुकी हैं। 
 
3. कटरीना कैफ, जैकलीन फर्नांडीज़, प्रियंका चोपड़ा व सोनाक्षी सिन्हा की 5-5 फिल्में 100 करोड़ क्लब का हिस्सा बन चुकी हैं। 
 
4. हाल ही में विराट कोहली के साथ शादी के बंधन में बंधी अनुष्का शर्मा और फिल्म गजनी से सबकी नजरों में आने वाली असिन की 4-4 फिल्में इस क्लब में जगह बना चुकी हैं। 
 
100 करोड़ क्लब के लिहाज से कौन सा साल रहा सबसे बेहतर?
साल 2008 से पहले कभी कोई फिल्म 100 करोड़ रुपए के जादुई आंकड़े तक पहुंचने में कामयाब नहीं हो सकी थी, लेकिन बीते कुछ सालों में 100 करोड़ रुपए का आंकड़ा भी अब छोटा लगने लगा है। आइए साल दर साल इस समूह में शामिल होने वाली फिल्मों की संख्या पर एक नजर डालते हैं। 
 
साल 2008 - 1 फिल्म। 
साल 2009 - 1 फिल्म। 
साल 2010 - 2 फिल्में। 
साल 2011 - 5 फिल्में। 
साल 2012 - 9 फिल्में। 
साल 2013 - 8 फिल्में। 
साल 2014 - 9 फिल्में। 
साल 2015 - 8 फिल्में। 
साल 2016 - 9 फिल्में। 
साल 2017 - 10 फिल्में। 
साल 2018 (पद्मावत तक) - 1 फिल्म। 
 
आंकड़ों पर नजर डालें तो साल 2012 से बॉक्स ऑफिस के रंग काफी बदले हुए नजर आते हैं। बीते वर्ष कुल 10 फिल्में 100 करोड़ का आंकड़ा पार करने में कामयाब रही थीं। इस साल की शुरुआत में ही पद्मावत ने बॉक्स ऑफिस को हरा-भरा कर दिया है, उम्मीद है कि यह साल बीते सालों से अधिक सफल व कामयाब साबित होगा।