• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. टॉप हेडलाइंस
  4. Bihar elections, Modi, Lalu Yadav
Written By

बिहार के बिगड़े बोल...कोई शैतान तो कोई ब्रम्ह पिशाच

बिहार के बिगड़े बोल...कोई शैतान तो कोई ब्रम्ह पिशाच - Bihar elections, Modi, Lalu Yadav
बिहार में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के पूर्व नेताओं द्वारा शब्दों के जो बाण छोड़े जा रहे हैं, वे अपनी पराकाष्ठा को छू रहे हैं। ये नेता अपने ज्ञान की तरकश से ऐसे तीर निकालकर छोड़ रहे कि आप कल्पना भी नहीं कर सकते। बिहार चुनाव के बिगड़े बोलों को यहां पढ़े...
शैतान और ब्रम्ह पिशाच : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बारे में कहा कि शैतान को उनका पता किसने बताया? लालू ने पलटवार करते हुए मोदी की तुलना ब्रम्ह पिशाच से कर डाली।
 
हिन्दू भी गोमांस खाते हैं : लालू प्रसाद यादव ने कहा कि ‘हिन्दू भी गोमांस खाते हैं। वे दादरी में अखलाक नामक व्यक्ति द्वारा गोमांस खाने की अफवाह पर भीड़ द्वारा पीट-पीटकर मार दिए जाने के संदर्भ में टिप्पणी कर रहे थे। 
 
'चारा चोर' : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने लालू यादव के बारे में बयान दिया कि आज का बिहार 'चारा चोर' लालू यादव के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि नीतीश के शासन में बीजेपी  कार्यकर्ताओं का अपमान होता था। 
 
कंस के वंशज :  योगगुरु बाबा रामदेव ने कहा कि लालू कृष्ण नहीं कंस के वंशज हैं। रामदेव ने कहा कि लालू ने गोमांस को लेकर जो  बयान दिया है, उससे यदुवंश को कलंकित कर दिया है। ऐसा व्यक्ति तो कंस का ही वंशज हो सकता है।
 
अमित शाह नरभक्षी  : लालू प्रसाद इस बयान के बाद कहां चुप बैठने वाले थे। उन्होंने अध्यक्ष अमित शाह पर पलटवार करते हुए उन्हें 'नरभक्षी' करार दिया है। उन्होंने कहा कि गुजरात दंगों के दौरान अमित शाह ने नरभक्षी की भूमिका निभाई थी। नरभक्षी के बिहार में घूमने का मतलब हमें समझ में नहीं आ रहा है। हम अमित शाह, बीजेपी  और प्रधानमंत्री से जानना चाहते हैं कि अमित शाह गुजरात के दंगों के समय कौन-सी धाराओं में  गिफ्तार हुए थे।
 
वोट के लिए गोमांस खा सकते हैं लालू : दादरी मामले के बहाने भी नेताओं ने एक-दूसरे पर निशाना साधा। दादरी मसले पर लालू प्रसाद के बयान पर सुशील मोदी ने पलटवार किया है। मोदी ने कहा कि लालू वोट के लिए गोमांस भी खा सकते हैं। सुशील मोदी ने लालू के उस बयान का पलटवार किया जिसमें उन्होंने कहा था कि सभ्य लोग मांस नहीं खाते हैं। हिंदू भी बीफ खाते हैं, बताइए नहीं खाते हैं क्या, मांस खाने वाला गाय, बकरा, मुर्गा नहीं देखता है।'  
 
बौरा गए हैं लालू : भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने कहा कि 'लालू बौरा गए है, हिन्दू कभी गाय का मांस नहीं खाते, लालू वोट के लिए हिन्दू को बदनाम न करें।  
 
शैतान को पता किसने बताया : मोदी ने कहा शैतान मानव शरीर में घुस गया है। लालू यह कहकर अपनी टिप्पणी से पीछा नहीं छुड़ा सकते कि उनकी जुबान पर ‘शैतान’ आ गया, जिसने उन्हें ऐसा कहने को मजबूर किया और ‘मैं जानना चाहता हूं कि शैतान को उनका (लालू) पता कैसे मिला..वे शैतान को उसी तरह पहचानते हैं जैसे लोग अपने रिश्तेदारों को। 
 
शैतान वाली बात मोदी साबित करें : लालू ने प्रधानमंत्री मोदी को चुनौती दी कि वह इस बात को साबित करें कि उन्होंने (लालू ने) ‘शैतान ने उनकी जुबान पर आकर ऐसा कहला दिया होगा' टिप्पणी की है। मैं मोदी को चैलेंज करता हूं कि वह मेरा शैतान वाला बयान दिखाएं वरना सार्वजनिक रूप पर सारे बिहारियों को शैतान कहने के तुरंत लिए माफी मांगे।
 
मोदी धृतराष्ट्र, शाह दुर्योधन : लालू ने नरेन्द्र मोदी पर परोक्ष हमला करते हुए कहा था कि दिल्ली में बैठा धृतराष्ट्र अंधा ही नहीं गूंगा बहरा भी है। उन्होंने अमित शाह को दुर्योधन कहा ।
 
चाटुकारों को चुनौती : लालू ने कहा कि बड़बोले प्रधानमंत्री मंहगाई, रोजगार और कालेधन पर चुप क्यों हैं? संघ प्रमुक मोहन भागवत के बयान की भर्त्सना की हिम्मत दिखाओ। ‘मोदी अपने मनगढंत बयान से बिहार को अपमानित न करें। मैं मोदी और मीडिया में उनके कुछ चाटुकारों को चुनौती देता हूं वे मेरा बयान दिखाएं।’