शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. शेयर बाजार
  4. stock market
Written By
Last Updated :मुंबई , मंगलवार, 21 अप्रैल 2015 (20:27 IST)

सेंसेक्स में लगातार पांचवें दिन गिरावट

सेंसेक्स में लगातार पांचवें दिन गिरावट - stock market
मुंबई। पिछली तारीख से कराधान, कंपनियों के कमजोर नतीजों व रुपए में गिरावट से बंबई शेयर बाजार में आज लगातार पांचवें दिन गिरावट का सिलसिला जारी रहा और सेंसेक्स 210.17 अंक टूटकर 27,676.04 अंक पर आ गया। वहीं नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 8,400 अंक के स्तर से नीचे बंद हुआ।
 
सन फार्मा के शेयर में जोरदार गिरावट आई। जापानी कंपनी दाइची सैंक्यो द्वारा सन फार्मा में अपनी हिस्सेदारी बेचने की घोषणा से सेंसेक्स व निफ्टी में कंेपनी का शेयर 8.70 प्रतिशत तक टूट गया।
 
कारोबारियों ने कहा कि पिछली तारीख से कराधान को लेकर विदेशी निवेशकों की चिंता बनी हुई है। अस्थायी आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने कल शुद्ध रूप से 1,506.86 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।
 
बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स आज 27,860.51 अंक पर कमजोर खुला। हालांकि, एक समय यह दिन के उच्चस्तर 27,976.93 अंक तक पहुंचा। बड़ी कंपनियों के शेयरों में आखिरी घंटे में बिकवाली से एक समय सेंसेक्स 27,598.21 अंक के निचले स्तर तक गया। 
 
अंत में यह 210 अंक लुढ़ककर 27,676.04 अंक पर बंद हुआ। यह इसका 27 मार्च के बाद निचला स्तर है। पांच सत्रों में सेंसेक्स 1,370 अंक का नुकसान दर्ज कर चुका है।
 
इसी तरह नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 70.35 अंक या 0.83 प्रतिशत के नुकसान से 8,400 से नीचे 8,377.75 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 8,352.70 से 8,469.35 अंक के दायरे में रहा।
 
जियोजित बीएनपी परिबा फाइनेंशियल सर्विसेज के प्रमुख (आधारभूत शोध) विनोद नायर ने कहा, ‘घरेलू कारकों से बाजार में गिरावट आ रही हैं। हालांकि, एफआईआई की बिकवाली एक कारक है, लेकिन चौथी तिमाही के नतीजे निकट भविष्य में बाजार की दिशा तय करने वाले होंगे।’ 
 
रुपए में भी गिरावट बनी हुई है। आज कारोबार के दौरान यह एक समय 63.15 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक चला गया। फिलहाल यह 62.75 प्रति डॉलर पर चल रहा था। (भाषा)