शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. शेयर बाजार
  4. BSE
Written By
Last Modified: मुंबई , गुरुवार, 18 दिसंबर 2014 (18:37 IST)

सेंसेक्स में 416 अंकों का उछाल

सेंसेक्स में 416 अंकों का उछाल - BSE
मुंबई। शेयर बाजार में 5 दिनों से जारी गिरावट गुरुवार को थम गई। अमेरिका में नीतिगत ब्याज  दरों को लेकर वहां के बैंकिंग विनियामक फेडरल रिजर्व के फिलहाल तटस्थ रहने से भारत समेत  विश्व के प्रमुख बाजारों तेजी का रुख रहा और बीएसई सेंसेक्स 416 अंक उछलकर बंद हुआ। निफ्टी  ने भी फिर से 8,100 अंक का स्तर हासिल कर लिया।
 
फेडरल रिजर्व ने बुधवार रात कहा कि अल्पकाल में नीतिगत दरों में वृद्धि की फिलहाल संभावना नहीं  है। इस बीच भारत में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने लंबे समय से अटके अप्रत्यक्ष कर व्यवस्था में सुधार के  लिए प्रस्तावित जीएसटी विधेयक को मंजूरी दे दी है। इसका भी घरेलू बाजार पर सकारात्मक असर  पड़ा।
 
तीस प्रमुख शेयरों वाला बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 416.44 अंक चढ़कर 27,126.57 अंक  पर बंद हुआ। सेंसेक्स में 31 अक्टूबर के बाद का यह सबसे बड़ा उछाल है। 31 अक्टूबर को  सेंसेक्स 519.50 अंक मजबूत हुआ था। कमजोर आर्थिक आंकड़ों व व्यापार घाटा बढ़ने से पिछले  5 सत्र में सेंसेक्स को 1,120.97 अंक का नुकसान उठाना पड़ा था।
 
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 129.50 अंक की बढ़त के साथ 8,159.30 अंक पर बंद  हुआ। गुरुवार की तेजी में स्मॉल कैप व मिड कैप शेयर भी शामिल रहे। सेंसेक्स के 30 में से 27  कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।
 
बाजार में चौतरफा लिवाली से बंबई शेयर बाजार के सभी 12 क्षेत्रीय सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए  कोटक सिक्युरिटीज के उपाध्यक्ष (निजी ग्राहक समूह अनुसंधान) संजीव जरबड़े ने कहा कि अमेरिकी  बाजारों में तेजी के असर से भारतीय बाजार में तेजी लौट आई।
 
अन्य एशियाई बाजारों में चीन और दक्षिण कोरिया को छोड़कर बाकी अन्य बाजारों में तेजी रही।  हांगकांग, जापान, सिंगापुर और ताइवान के शेयर सूचकांक 0.51 प्रतिशत से 2.32 प्रतिशत के  दायरे में बढ़त के साथ बंद हुए।
 
सेंसेक्स की कंपनियों में भेल 4.91 प्रतिशत, हिंडाल्को 4.31 प्रतिशत, गेल इंडिया 4.19 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 3.91 प्रतिशत, एनटीपीसी 3.83 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक 3.82 प्रतिशत मजबूत हुआ। (भाषा)