रविवार, 28 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Ramnath Kovind, Rajat Medal, Para Athlete
Written By
Last Modified: गुरुवार, 29 अगस्त 2019 (18:36 IST)

राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पैरा एथलीट दीपा मलिक को खेल रत्न से सम्मानित किया

राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पैरा एथलीट दीपा मलिक को खेल रत्न से सम्मानित किया - Ramnath Kovind, Rajat Medal, Para Athlete
नई दिल्ली। राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रियो पैरालम्पिक की रजत पदक विजेता पैरा एथलीट दीपा मलिक को गुरुवार को राष्‍ट्रपति भवन के दरबार हॉल में एक समारोह में देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित किया। समारोह में राजीव गांधी खेल रत्न, द्रोणाचार्य (नियमित और लाइफ टाइम), अर्जुन पुरस्कार, ध्यानचंद अवॉर्ड, राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार, तेनजिंग नोर्गे राष्‍ट्रीय साहस पुरस्‍कार और मौलाना अबुल कलाम आजाद (माका) ट्रॉफी प्रदान की गई। 
 
दीपा के साथ विश्व के नंबर एक पहलवान बजरंग को खेल रत्न मिलना था लेकिन विश्व चैंपियनशिप की तैयारी के लिए विदेश में अपनी ट्रेनिंग में व्यस्त होने के चलते बजरंग समारोह में शामिल नहीं हो पाए। बजरंग को बाद में यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। दीपा मलिक पैरालंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं। 
 
उन्होंने अब तक 58 राष्ट्रीय और 23 अंतरर्राष्ट्रीय पदक जीते हैं। दीपा को इससे पहले पद्यश्री और अर्जुन अवॉर्ड से भी नवाजा जा चुका है। दीपा व्हीलचेयर पर जब यह सम्मान लेने पहुंची तो राष्ट्रपति ने खुद अपनी जगह से आगे आकर उन्हें यह अवॉर्ड प्रदान किया। उस समय पूरा दरबार हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज रहा था। 
 
राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार में दीपा मलिक को पदक, प्रशस्ति पत्र के अलावा साढ़े सात लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। अर्जुन, द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कार विजेताओं को लघु प्रतिमा, प्रमाण पत्र और 5-5 लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। भारतीय क्रिकेटर रवींद्र जडेजा वेस्टइंडीज दौरे में व्यस्त होने के कारण समारोह में शामिल नहीं हो सके। उन्हें अर्जुन पुरस्कार बाद में प्रदान किया जाएगा। इस साल कुल 19 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया था जिनमें से 18 खिलाड़ियों ने राष्ट्रपति के हाथों अपना अर्जुन पुरस्कार ग्रहण किया।

समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू भी मौजूद थे। महिला क्रिकेटर पूनम यादव, एथलीट तजिंदर पाल सिंह तूर, मोहम्मद अनस और स्वप्ना बर्मन, कबड्डी खिलाड़ी अजय ठाकुर, मोटर रेसर गौरव सिंह गिल, महिला पहलवान पूजा ढांडा, पोलो खिलाड़ी सिमरन सिंह शेरगिल, घुड़सवार फवाद मिर्जा ने राष्ट्रपति के हाथों अपना अर्जुन पुरस्कार ग्रहण किया। 
 
भारतीय बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल के कोच रहे विमल कुमार को नियमित द्रोणाचार्य अवॉर्ड दिया गया। राष्ट्रमंडल खेलों में 4 पदक जीतने वाली टेबल टेनिस खिलाड़ी मणिका बत्रा के बचपन के कोच संदीप गुप्ता को भी द्रोणाचार्य अवॉर्ड दिया गया। पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज को लाइफ टाइम वर्ग में द्रोणाचार्य अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। द्रोणाचार्य अवॉर्ड के नियमित और लाइफ टाइम वर्गों में 3-3 कोचों को यह सम्मान दिया गया। 
 
पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत को दीपा मलिक के बाद सबसे ज्यादा तालियां मिलीं। राष्ट्रपति ने उन्हें अर्जुन अवॉर्ड से नवाजा। खेल रत्न के बाद द्रोणाचार्य और फिर अर्जुन अवॉर्ड प्रदान किए गए। अर्जुन अवॉर्ड के बाद लाइफ टाइम ध्यानचंद पुरस्कार प्रदान किए गए। छह लोगों को साहसिक गतिविधियों के लिए तेनजिंग नोर्गे राष्‍ट्रीय साहस पुरस्‍कार प्रदान किए गए। युवा निशानेबाजों और प्रतिभाओं को तराशने के लिए गगन नारंग स्पोर्ट्स प्रमोशन फाउंडेशन को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया। 
 
खेल रत्न से सम्मानित हो चुके भारतीय निशानेबाज गगन नारंग अपने फाउंडेशन के लिए यह पुरस्कार लेने खुद मौजूद थे। नारंग की शिष्या एलावेनिल वलारिवान ने ब्राजील की राजधानी रियो डी जेनेरो में वर्ष के चौथे और आखिरी आईएसएसएफ विश्व कप राइफल/पिस्टल टूर्नामेंट में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में आज ही स्वर्ण पदक जीता। 
 
चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी मौलाना अबुल कलाम आजाद (माका) ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार विजेता को ट्रॉफी और प्रमाण प्रदान किया गया। पंजाब यूनिवर्सिटी को माका ट्रॉफी, 10 लाख रुपए की पुरस्कार राशि और प्रमाण-पत्र दिया गया। तेनजिंग नोर्गे राष्‍ट्रीय साहस पुरस्‍कार में प्रतिमा, प्रमाण-पत्र और 5 लाख रुपए की नकद राशि प्रदान की गई। 
 
पुरस्कार विजेताओं की संपूर्ण सूची - राजीव गांधी खेल रत्न : बजरंग पुनिया (कुश्ती) और दीपा मलिक (पैरा एथलेटिक्स) 
- द्रोणाचार्य अवॉर्ड (नियमित) : विमल कुमार (बैडमिंटन), संदीप गुप्ता (टेबल टेनिस) और मोहिंदर सिंह ढिल्लो (एथलेटिक्स) 
- द्रोणाचार्य अवॉर्ड (लाइफ टाइम) : मरजबान पटेल (हॉकी), रामबीर सिंह खोखर (कबड्डी) और संजय भारद्वाज (क्रिकेट) 
- अर्जुन पुरस्कार : तजिंदर पाल सिंह तूर (एथलेटिक्स), मोहम्मद अनस यहिया (एथलेटिक्स), एस. भास्करन (बॉडीबिल्डिंग), सोनिया लाथर (मुक्केबाजी), रवींद्र जडेजा (क्रिकेट), पूनम यादव (क्रिकेट), चिंगलेनसाना सिंह कंगुजम (हॉकी), अजय ठाकुर (कबड्डी), गौरव सिंह गिल (मोटर स्पोटर्स), प्रमोद भगत (पैरा स्पोर्ट्स बैडमिंटन), अंजुम मुद्गिल (निशानेबाजी), हरमीत राजुल देसाई (टेबल टेनिस), पूजा ढांडा (कुश्ती), फवाद मिर्जा (घुड़सवारी), गुरप्रीत सिंह संधू (फुटबॉल), स्वप्ना बर्मन (एथलेटिक्स), सुंदर सिंह गुर्जर (पैरा स्पोर्ट्स एथलेटिक्स), भमिदीपति साई प्रणीत (बैडमिंटन) और सिमरन सिंह शेरगिल (पोलो) 
- ध्यानचंद अवॉर्ड : मैनुअल फ्रेडरिक्स (हॉकी), अरुप बसाक (टेबल टेनिस), मनोज कुमार (कुश्ती), नितिन कीर्तने (टेनिस) और सी. लालरेमसांगा (तीरंदाजी) 
- राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार : गगन नारंग स्पोर्ट्स प्रमोशन फाउंडेशन और गो स्पोर्ट्स तथा रॉयलसीमा विकास ट्रस्ट 
- मौलाना अबुल कलाम आजाद (माका) ट्रॉफी : पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ 
- तेनजिंग नोर्गे राष्‍ट्रीय साहस पुरस्‍कार : अपर्णा कुमार (भू साहस), स्वर्गीय दीपांकर घोष (भू साहस), मणिकंदन के (भू साहस), प्रभात राजू कोली (जल साहस), रामेश्‍वर जांगड़ा (वायु साहस), वांगचुक शेरपा (जीवनपर्यन्‍त उपलब्धि)।
ये भी पढ़ें
पहली महिला पैरा एथलीट खेल रत्न बनना सुखद : दीपा