हिन्दू और मुस्लिम भाई-भाई क्यों और कैसे, जानिए
ब्राह्मणों से मिलते हैं मुसलमानों के जीन...
FILE
लखनऊ के एसजीपीजीआई के वैज्ञानिकों ने फ्लोरिडा और स्पेन के वैज्ञानिकों के साथ मिलकर किए गए अनुवांशिकी शोध के बाद यह निष्कर्ष निकाला है। शोध लखनऊ, रामपुर, बरेली और कानपुर जैसे शहरों के करीब 2400 मुसलमानों और हिंदुओं पर किया गया था। वैज्ञानिक इस शोध को चिकित्सा स्वास्थ्य की दिशा में बड़ी सफलता मानते हैं।
इस शोध के बाद चिकित्सा स्वास्थ्य से जुड़ी तमाम बीमारियों के इलाज को लेकर रिसर्च शुरू हो गई है। वहीं सामाजिक तौर पर बात करें तो इस शोध का व्यापक असर लगातार सांप्रदायिक दंगों से जूझ रहे यूपी पर भी पड़ने की उम्मीद की जा रही है।
इनके शोध को अमेरिकन जर्नल ऑफ़ फिजिकल एंथ्रोपॉलॉजी ने भी स्वीकार किया है। प्रोफेसर सुरक्षा अग्रवाल बताती हैं कि रिसर्च शुरू करने से पहले उन्होंने मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया के साथ ही एसजीपीजीआई से नीतिगत सहमति हासिल की। इसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में रहने वाले मुस्लिम परिवारों का एक डेटा बेस तैयार किया। उसे एक्सेल शीट पर लिस्टेड किया गया। इसके बाद स्टेटिस्टिकल टेबल के माध्यम से रैडमली नामों और जानकारियों को सेलेक्ट किया गया।
इसके बाद टीम ने सेलेक्ट किए गए लोगों से मुलाकात की। उनके साथ इंटरव्यू किया। साथ ही उन्हें इस रिसर्च के बारे में पूरी जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि इस रिसर्च से उन्हें कोई फायदा नहीं होगा। लेकिन मेडिकल की दुनिया में आगे के रास्ते ज़रूर खुल सकते हैं। इसके बाद उनकी सहमति होने के बाद ब्लड सैंपल्स इकट्ठा किए और उनमें से डीएनए अलग किए गए।
चूंकि ये सैंपल उत्तर प्रदेश के ही मुस्लिमों के लिए गए, इसलिए यह साफ हो गया कि भारतीय खासतौर पर प्रदेश के मुसलमान की जड़े यहीं है। किसी दूसरे मुल्क से में नहीं।
इसके अलावा हिन्दुओं में ब्राह्मण, कायस्थ, खत्री, वैश्य और अनसूचित जाति एवं पिछड़ी जाति के लोगों के जीन का तुलनात्मक अध्ययन किया गया तो पाया इन सभी जातियों के जीन आपस में एक होने के साथ ही मुसलमानों के जीन से भी मिलते हैं।

