शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. जम्मू कश्मीर में बाढ़ ने किया 60 हजार करोड़ का नुकसान
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 19 सितम्बर 2014 (19:07 IST)

जम्मू कश्मीर में बाढ़ ने किया 60 हजार करोड़ का नुकसान

जम्मू कश्मीर में बाढ़ ने किया 60 हजार करोड़ का नुकसान - जम्मू कश्मीर में बाढ़ ने किया 60 हजार करोड़ का नुकसान
श्रीनगर। यूं कश्मीर से बाढ़ का पानी उतर रहा है, इसी के साथ नुकसान और सीने पर लगे जख्म भी सामने आने लगे हैं। अगर नुकसान की बात करें तो यह 60 हजार करोड़ का बताया जा रहा है। हालांकि यह शुरुआती अनुमान है और अंदेशा अरबों के नुकसान का है। 
इस नुकसान की भरपाई तो हो जाएगी पर जो जानी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई कौन करेगा? इस पर कोई कुछ नहीं बोलता। बाढ़ अभी तक 300 को लील चुकी है। सरकारी आंकड़ा 277 का है। अभी सैंकड़ों मकानों के मलबे के नीचे लापता लोगों की तलाश भी जारी है। राज्य के बाहर से 300 लोग अपनों के गुम होने की रिपोर्ट लिखवा चुके हैं।
 
जम्मू कश्मीर में बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 277 हो गई है, जबकि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज उम्मीद जताई कि मृतकों की संख्या उतनी नहीं होगी, जितनी शुरू में आशंका थी। वैसे गैर सरकारी आंकड़ा 300 से ज्यादा का है। 
 
उमर ने बताया कि जम्मू में मरने वालों की संख्या 203 है, जिसमें एक बारात को लेकर जा रही बस में सवार 44 लापता लोग शामिल हैं। बस राजौरी जिले में आई बाढ़ में बह गई थी। उन्होंने बताया कि बचाव कर्मियों ने कश्मीर घाटी के विभिन्न इलाकों से अब तक 74 शव बरामद किए हैं।
 
उन्होंने बताया कि जम्मू के 44 व्यक्तियों के अलावा हमें अन्य लोगों के लापता होने की सूचना नहीं मिली है। यदि ऐसा हुआ भी है तो संचार प्रणालियों के काम शुरू करते ही हमें उनका पता चल जाएगा। उमर ने इस अफवाह को खारिज किया कि कुछ शव पाक अधिकृत कश्मीर में बहकर चले गए। 
 
उन्होंने बताया कि इन सारी अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है। जम्मू कश्मीर में अब तक की सबसे भीषण बाढ़ आई है जिसने कई जिलों में तबाही है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि राज्य में आयी भयंकर बाढ़ से अरबों रुपए का नुकसान हुआ होगा लेकिन इसका अंतिम मूल्यांकन के बाद ही केन्द्र से सम्पर्क करेंगे। 
 
उमर ने यहां हरि निवास अतिथि शाला में अपने अस्थायी कार्यालय में बताया कि संपत्ति के नुकसान के संदर्भ में, अंतिम आंकड़ा देना अभी काफी जल्दबाजी होगी लेकिन निश्चित रूप से अरबों रुपए का नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ के कारण लगभग प्रत्येक सेक्टर बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
 
उन्होंने कहा कि मकान के मामले में संपत्ति का नुकसान हुआ है, दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा है। सड़क, पुल, जल आपूर्ति संयंत्र जैसे बुनियादी ढांचे को भी भारी क्षति पहुंची है। उमर ने कहा कि इसके अलावा कृषि फसल को नुकसान पहुंचा है। धान, मक्का, नाशपाती जैसी बागवानी की फसल को नुकसान पहुंचा है। ऐसे में यह नुकसान अरबों रुपए का है। उन्होंने कहा कि लोगों को वास्तविक क्षति के बारे में बताने से पहले मेरे पास निश्चित आंकड़ा होना चाहिए।
 
एक अनुमान के अनुसार जम्मू कश्मीर में आई बाढ़ की आपदा से राज्य को साढ़े 60 हजार करोड़ रुपए से भी ज्यादा राशि का आर्थिक नुकसान हुआ है। कश्मीर वाणिज्य एवं उद्योग मंडल के अध्यक्ष शेख आशिक अहमद ने एक बयान में कहा है कि आरंभिक अनुमान के अनुसार अकेले घाटी में 60 हजार करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। अहमद ने कहा कि विभिन्न स्रोतों से प्राप्त आरंभिक सूचना के अनुसार प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से घाटी को यह नुकसान हुआ है।
 
अहमद ने बीमा कंपनियों से वित्तीय नुकसान का आंकलन करने और व्यापारियों को बीमित राशि देने के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि निजी नुकसान के बावजूद लोगों को हिम्मत जुटाते हुए अपने नुकसान का आंकलन शुरू कर देना चाहिए। अहमद ने कहा कि संकट की इस घड़ी में वह लोगों से यह अपील इसलिए कर रहे हैं क्योंकि यह व्यापक तबाही है और जल्द ही ठंड का मौसम शुरू होने से कठिनाइयां बढ़ जाएंगी।