शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Will Navjoot Singh Sidhu resign from congress
Written By
Last Modified: शनिवार, 20 जुलाई 2019 (23:12 IST)

मंत्री पद छोड़ने के बाद क्या कांग्रेस भी छोड़ देंगे सिद्धू?

मंत्री पद छोड़ने के बाद क्या कांग्रेस भी छोड़ देंगे सिद्धू? - Will Navjoot Singh Sidhu resign from congress
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह द्वारा नवजोत सिंह सिद्धू का राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा स्वीकार किए जाने के बाद कांग्रेस में पूर्व क्रिकेटर के भविष्य पर प्रश्न खड़े हो गए हैं। राजनीतिक हल्कों में यह सवाल पूछा जा रहा है कि मंत्री पद छोड़ने के बाद सिद्धू क्या कांग्रेस भी छोड़ देंगे? हालांकि कांग्रेस नेताओं को उम्मीद है कि वह पार्टी में बने रहेंगे।
 
सिद्धू का अगला कदम क्या होगा, इसे लेकर रहस्य बना हुआ है क्योंकि 14 जुलाई को ट्विटर पर अपना इस्तीफा सार्वजनिक करने के बाद से उन्होंने इस बारे में कुछ भी नहीं कहा है। इसके एक दिन बाद उन्होंने अपना इस्तीफ मुख्यमंत्री को भेज दिया था।
 
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री 17 जुलाई को दिल्ली से लौटने के बाद से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्होंने शनिवार की सुबह इस्तीफा देखा और उसे स्वीकार कर लिया। पंजाब कांग्रेस नेताओं ने कैबिनेट छोड़ने के सिद्धू के फैसले को ‘भूल’ बताया लेकिन उन्होंने उम्मीद जताई कि सिद्घू कांग्रेस में बने रहेंगे।
 
कांग्रेस के पंजाब इकाई के नेता एवं विधायक राज कुमार वेर्का ने कहा कि सिद्धू साहब ने अपनी इच्छा से इस्तीफा दिया है। मुख्यमंत्री चाहते थे कि वह अपनी जिम्मेदारी संभाल ले और ऊर्जा मंत्री के तौर पर काम करें। उन्हें निकाला (कैबिनेट से) नहीं गया, उन्होंने अपनी मर्जी से इस्तीफा दिया है। पंजाब के मंत्री साधु सिंह धर्मसोट ने भी सिद्धू के कांग्रेस में बने रहने की उम्मीद जताई।
 
लोक इंसाफ पार्टी के प्रमुख सिमरजीत सिंह ने सिद्धू को अपनी पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया है और कहा है कि वह 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें पार्टी के मुख्यमंत्री पद का दावेदार बना सकते हैं। (भाषा)