• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. तीन भारतीय कंपनियों ने मुंबई Monorail परियोजना में रुचि दिखाई
Written By
Last Updated : शनिवार, 4 जुलाई 2020 (15:58 IST)

तीन भारतीय कंपनियों ने मुंबई Monorail परियोजना में दिखाई रुचि

Monorail | तीन भारतीय कंपनियों ने मुंबई Monorail परियोजना में रुचि दिखाई
मुंबई। 3 भारतीय कंपनियों ने मुंबई की मोनोरेल परियोजना के लिए रैक बनाने में रुचि दिखाई है। कुछ सप्ताह पहले मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने इस परियोजना के लिए चीन की 2 कंपनियों की बोली को खारिज कर दिया था।
पिछले महीने एमएमआरडीए ने जैकब सर्कल-वडाला-चेंबूर मोनोरेल परियोजना के लिए 10 रैक खरीदने के 500 करोड़ रुपए के ठेके को रद्द कर दिया था। चीन की 2 कंपनियों ने रैक आपूर्ति करने की इच्छा जताई थी। एमएमआरडीए का कहना था कि ये कंपनियां अपनी शर्तें थोपना चाहती हैं। प्राधिकरण ने शनिवार को ट्वीट किया कि 3 भारतीय कंपनियों ने मोनोरेल रोलिंग स्टॉक के डिजाइन और विकास में रुचि दिखाई है।
एमएमआरडीए के आयुक्त आरए राजीव ने इससे पहले कहा था कि प्राधिकरण इस बारे में भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स (बीएचईएल), भारत अर्थ मूवर्स (बीईएमएल) सहित कई भारतीय कंपनियों से बातचीत कर रहा है। एमएमआरडीए के एक अधिकारी ने कहा कि बीएचईएल, बीईएमएल और निजी क्षेत्र की कंपनी टीटागढ़ ने इस परियोजना में रुचि दिखाई है।
 
एमएमआरडीए ने कहा कि बीईएमएल को पहले ही मेट्रो 2ए (दहिसर-डीएन नगर) और मेट्रो-7 (दहिसर ईस्ट-अंधेरी ईस्ट) के लिए मेट्रो रैक बनाने का ठेका मिल चुका है। (भाषा)