• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Mumbai Railway, Piyush Goyal, Railway Ministry
Written By
Last Modified: गुरुवार, 28 सितम्बर 2017 (20:03 IST)

मुंबई में चलेंगी 100 नई रेलगाड़ियां

मुंबई में चलेंगी 100 नई रेलगाड़ियां - Mumbai Railway, Piyush Goyal, Railway Ministry
नई दिल्ली। रेलमंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि उनके मंत्रालय ने तीन साल के भीतर मुंबई में उपनगरीय रेल यातायात की क्षमता दोगुनी करने की एक महत्वाकांक्षी योजना बनाई है जिसके तहत इस महानगर में सौ अतिरिक्त उपनगरीय गाड़ियां शुरू की जाएंगी।
              
गोयल ने यहां रेल भवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि  अपने छात्र जीवन में स्वयं वह मुंबई में करीब आठ साल तक उपनगरीय गाड़ियों से हैंडल के सहारे भीड़भाड़ में खड़े होकर यात्रा किया करते थे। उन्हें उपनगरीय यात्रियों की तकलीफों का पूरा अंदाज़ा है। 
                
उन्होंने कहा कि मुंबई को लेकर रेल मंत्रालय ने एक महत्वाकांक्षी योजना बनाई है जिसके तहत अगले तीन साल में उपनगरीय परिवहन की क्षमता दोगुनी कर दी जाएगी, ताकि गाड़ियों में किसी को गेट पर लटककर असुरक्षित ढंग से यात्रा नहीं करनी पड़े। 
 
उन्होंने कहा कि पश्चिमी रेलवे और मध्‍य रेलवे जोन के अपने मुंबई उपनगरीय नेटवर्क पर 100 अतिरिक्‍त स्‍थानीय रेल सेवाएं आरंभ करेगी। इसके अतिरिक्त उपनगरीय गाड़ियों में कोच बढ़ाए जाएंगे और 15 कोचों वाली गाड़ियां चलाईं जाएंगी। 
                
रेलमंत्री के अनुसार, इन नई उपनगरीय सेवाओं के लागू होने से मुंबई उपनगरीय नेटवर्क में भीड़ में कमी आएगी तथा परिवहन में तेजी आएगी। इससे मुंबई उपनगरीय नेटवर्क में रोजाना यात्रा करने वाले 77 लाख यात्रियों को लाभ पहुंचेगा। 
                
रेल अधिकारियों के अनुसार, ये सेवाएं कल मुंबई में आयोजित एक भव्‍य कार्यक्रम में गोयल की उपस्थिति में आरंभ की जाएंगी। इन 100 सेवाओं में से 32 नई सेवाएं पश्चिम रेलवे की लाइन पर, जबकि 68 सेवाएं मध्‍य रेलवे के अंतर्गत आरंभ की जाएंगी। इसके साथ पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे के मुंबई में कुल उपनगरीय स्थानीय रेल सेवाओं की संख्या वर्तमान 2983 से बढ़कर 3083 तक पहुंच जाएगी।
               
अधिकारियों के अनुसार, पश्चिम रेलवे में 17 नई सेवाएं एक अक्‍टूबर से 'अप' दिशा में आरंभ की जाएंगी जबकि 'डाउन' दिशा में 15 नई सेवाएं आरंभ की जाएंगी। पश्चिम रेलवे वर्तमान में 1323 उपनगरीय सेवाएं संचालित करती है। इन सेवाओं के जुड़ने के बाद पश्चिम रेलवे में कुल उपनगरीय सेवाएं 1355 तक पहुंच जाएंगी।
              
अधिकारियों ने बताया कि मध्‍य रेलवे में दो अक्‍टूबर से 14 उपनगरीय सेवाएं 'हार्बर लाइन' पर और 14 सेवाएं 'ट्रांस-हार्बर लाइन' पर आरंभ की जाएंगी। 'मेन लाइन' पर 16 उपनगरीय सेवाएं एक नवम्‍बर से आरंभ की जाएंगी तथा 'हार्बर' एवं 'ट्रांस-हार्बर लाइन' पर 24 सेवाएं 31 जनवरी, 2018 से आरंभ की जाएंगी। 
 
कुल मिलाकर मध्‍य रेलवे में 68 सेवाएं आंरभ की जाएंगी। मध्‍य रेलवे वर्तमान में 1660 उपनगरीय सेवाओं का संचालन करती है। इन सेवाओं के जुड़ने के बाद मध्‍य रेलवे में कुल उपनगरीय सेवाएं 1728 तक पहुंच जाएंगी। (वार्ता)