शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Mulayam on Dadri case
Written By अरविन्द शुक्ला
Last Modified: लखनऊ , गुरुवार, 8 अक्टूबर 2015 (16:31 IST)

दादरी के दोषियों को सजा देंगे, चाहे सरकार कुर्बान हो जाए- मुलायम

दादरी के दोषियों को सजा देंगे, चाहे सरकार कुर्बान हो जाए- मुलायम - Mulayam on Dadri case
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कहा कि दादरी की घटना में साजिश करने वाले तीन लोगों के नाम सामने आए हैं जिनकी समीक्षा की जा रही है। सपा सुप्रीमों ने दादरी मामले में साम्प्रदायिक शक्तियों के खिलाफ सरकार को कड़ा रुख अपनाने को कहा है। उन्होंने कहा कि भले ही सरकार कुर्बान हो जाए किन्तु सरकार साम्प्रदायिक शक्तियों को कुचल दे।
 
उन्होंने कहा कि सपा की सरकार है इसलिए जिम्मेदारी ज्यादा है। हम तो चुनौतियों को स्वीकार कर चुके हैं। अब इस मामले को मुखयमंत्री को गभीरता से लेना चाहिए। साम्प्रदायिक शक्तियां कुचली जानी चाहिए।
 
सपा नेता ने कहा कि उन्होंने साम्प्रदाकिता के खिलाफ जमकर संघर्ष किया है। अब सपा सरकार में मुज‌फ्फर नगर दंगें के बाद दादरी के मामले में साम्प्रदायिक शक्तियां समाजवादी पार्टी के विकास कार्यों और पूरे होते चुनावी वादे से बौखलाकर साम्प्रदायिकता फैला कर मुद्‌दे से लोगों का ध्यान भटका रही है, इसीलिए दादरी की घटना हुई। उन्होंने कहा कि दादरी की घटना में शामिल लोगों को सख्ती से कुचला जाए।
 
समाजवादी पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि साम्प्रदायिक सद्‌भाव बनाने के लिए समाजवादी पार्टी ने अच्छे प्रयास किए, उसे कामयाबी भी मिली इसीबीच, कुछ साम्प्रदायिक शक्तियों ने माहौल खराब करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि आज देश को एक रखने की जरूरत है क्योकि सीमाओं पर भी चिंताजनक घटनायें हो रही हैं, देश की एकता को खतरा है।
 
सपा नेता ने कहा कि दादरी में बिसाहडा गांव की घटना में साजिश की गई है। उन्होंने कहा कि एक संस्था के तीन लोग मुख्य हैं, जिन्होंने साजिश के तहत गंभीर घटनाओं को अंजाम दिया है।
 
मुलायम ने कहा कि दंगे तो देशभर में होते हैं। हमने अयोध्या में भोगा है कि साम्प्रदायिक शक्तियां कैसे अफवाहे फैलाती है, कैसी-कैसी साजिश होती है। एक विशेष साम्प्रदाय के लोगों को कैसे भयभीत करते हैं किन्तु अब यह साजिशें कामयाब नही होने देगें।
 
सपा नेता ने कहा कि मुजफ्फरनगर दंगों में साजिश हुई थी, उन्होंने कहा कि इन दंगों में हत्याएं तो हुई किन्तु साम्प्रदायिक सद्‌भाव समाप्त करने में कोई सफल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के प्रति लोगों में विश्वास है किन्तु लोगों के विश्वास को तोड़ने की साजिश हो रही है।
 
उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर उत्तर प्रदेश देश में पहले पायदान पर पहुंच गया है किन्तु अब प्रदेश की छवि बिगाड़ने का काम किया जा रहा है किन्तु उन्हें कामयाबी नहीं मिलेगी, उन्होंने कहा कि बर्दाश्त करने की भी सीमा होती है।