• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Monsoon, Rain, Gujarat, Ahmedabad
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 17 अगस्त 2018 (13:35 IST)

गुजरात में एक बार फिर मानसून सक्रिय, अहमदाबाद समेत कई स्थानों पर भारी वर्षा

गुजरात में एक बार फिर मानसून सक्रिय, अहमदाबाद समेत कई स्थानों पर भारी वर्षा - Monsoon, Rain, Gujarat, Ahmedabad
अहमदाबद। गुजरात में लगभग एक पखवाड़े के लंबे विराम के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है तथा राज्य के कच्छ को छोड़कर अधिकतर हिस्सों में पिछले 24 घंटे में बरसात हुई है और कुछ स्थानों पर साढ़े पांच इंच तक वर्षा दर्ज की गई है।


निम्न वायुमंडलीय दबाव के असर से हो रही वर्षा से पानी की कमी वाले इस राज्य के किसानों और आम लोगों में उम्मीद की किरण पैदा हुई है। शुक्रवार को सुबह आठ बजे तक के पिछले 24 घंटे में 24 जिलों के 141 तालुका में वर्षा हुई थी, जिसमें सर्वाधिक 137 मिलीमीटर छोटा उदेपुर में दर्ज की गई थी।

आज सुबह आठ बजे से दस बजे तक 163 तालुका में वर्षा हुई और सर्वाधिक 137 मिमी खेड़ा जिले के कपड़वंज में दर्ज की गई थी। 23 तालुका में दो इंच यानी 50 मिमी से ज्यादा वर्षा दर्ज की गई थी। पंचमहाल के गोधरा में 120 मिमी, अहमदाबाद के साणंद में 94 मिमी, खेड़ा के मातर में 94 जबकि अहमदाबाद शहर में 93 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी।

अहमदाबाद शहर समेत कई स्थानों पर जलभराव से जनजीवन पर असर भी पड़ा। शहर के सात अंडरपास सुबह बंद थे और इनमें से तीन बाद में खोल दिए गए। कई स्थानों पर जलभराव और पेड़ गिरने की घटनाओं से यातायात पर भी असर पड़ा। राज्य में मानसूनी वर्षा का औसत अब 58 प्रतिशत के आंकड़े को पार कर गया है।

मौसम विभाग ने आज और कल कई स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। आज राज्य के दक्षिणी और मध्यवर्ती क्षेत्रों के अलावा उत्तरी जिलों साबरकांठा, गांधीनगर, अरावल्ली और महेसाणा तथा सौराष्ट्र के भावनगर में भी कुछ स्थानों पर मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई है। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
स्कूली बच्चे ने एपल को दिया बड़ा झटका, चुराई कई फाइलें