शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Mahakala Temple Ujjain
Written By
Last Modified: उज्जैन , मंगलवार, 24 मई 2016 (18:12 IST)

सिंहस्थ में बाबा महाकाल को खराब नोट चढ़ाने से भी नहीं चूके लोग

सिंहस्थ में बाबा महाकाल को खराब नोट चढ़ाने से भी नहीं चूके लोग - Mahakala Temple Ujjain
मध्यप्रदेश के उज्जैन में भले ही सरकारों से लेकर प्रशासन तक भी यहां स्थित महाकालेश्वर मंदिर को सर्वशक्तिमान मानकर उनके सामने नतमस्तक होते हों, लेकिन एक महीने तक चले सिंहस्थ के दौरान यहां आने वाले कुछ लोग बाबा महाकालेश्वर को खराब नोट चढ़ाने से भी नहीं चूके।
 
              
सिंहस्थ के संपन्न होने के बाद महाकालेश्वर मंदिर में यहां आए चढ़ावे की गिनती चल रही है। गिनती के दौरान बहुत से नोट अत्यंत खराब स्थिति में मोड़े-तोड़े हुए भी निकल रहे हैं। इसके चलते मंदिर प्रबंधन के पास नोट गिनने की दो मशीनें होने के बाद भी नोटों की गिनती हाथों से ही की जा रही है। हालांकि चढ़ावे में अच्छे और बड़े नोटों की संख्या भी कम नहीं है।
 
मंदिर सूत्रों के मुताबिक पूरे सिंहस्थ के दौरान मंदिर में चढ़ावे की गिनती क्रमबद्ध तरीके से चलती रही। अब तक लगभग ढाई करोड़ रुपए के चढ़ावे की गिनती हो चुकी है, हालांकि पूरे चढ़ावे का आंकड़ा गिनती पूरी होने के बाद ही जारी होगा। मंदिर प्रबंधन के दर्जनों कर्मचारी गिनती में लगे हैं।
               
सूत्रों ने बताया कि मंदिर प्रबंधन के पास नोट गिनने की दो मशीनें हैं, लेकिन चढ़ावे की गिनती हाथों से ही करनी पड़ रही है क्योंकि चढ़े हुए बहुत से नोटों की स्थिति काफी खराब है। बहुत से नोट चार से पांच बार मुड़े हुए हैं। 
              
उन्होंने बताया कि हर नोट को हाथों से खोल कर देखा जाता है, जिसके बाद अगर उसकी स्थिति ठीक होती है, तो उसे गड्डी में शामिल किया जाता है। कई बार नोटों की जर्जर स्थिति के कारण उन्हें हटाना भी पड़ता है। चढ़ावे में एक-दो से लेकर एक हजार तक के नोट निकल रहे हैं। (वार्ता)