शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. kidnapping, ransom, Haryana police, murder
Written By
Last Updated : गुरुवार, 7 दिसंबर 2017 (20:46 IST)

छात्र ने किया बच्ची का अपहरण, मार भी डाला

छात्र ने किया बच्ची का अपहरण, मार भी डाला - kidnapping, ransom, Haryana police, murder
चंडीगढ़। हरियाणा में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले 16 वर्षीय एक लड़के ने फिरौती के लिए पांच वर्षीय एक लड़की का अपहरण करने के बाद उसे पानी की एक टंकी में डुबाकर मार डाला।
 
 
अंबाला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक जोरवाल ने बताया कि एक घर से फिरौती का कॉल आने के बारे में पुलिस को पता चलने पर लड़के को कल देर रात करीब एक बजे गिरफ्तार किया गया। यह घर लड़की के पिता ने आरोपी के एक रिश्तेदार को किराए पर दिया था।
 
उन्होंने बताया, उसने कोई अफसोस जाहिर नहीं किया। पूछताछ के दौरान उसने हमें बताया कि उसने एक फिल्म देखी थी जिसके बाद उसने आसानी से पैसा बनाने के लिए एक योजना बनाई। जब पुलिस लड़के के घर पहुंची तब वह अपने लैपटॉप पर काम कर रहा था। एसपी ने बताया कि बच्ची को पानी की टंकी में डुबाकर मारने के बाद उसने शव को वॉटर कूलर में छिपा दिया था।
 
 
उन्होंने बताया कि अपने रिश्तेदार के घर से जाने के कारण लड़का घर में अकेला था। लड़के का रिश्तेदार लड़की के पिता की दुकान में काम करता है और अपने परिवार के साथ उत्तर प्रदेश गया है।
 
अधिकारी ने बताया कि लड़के ने कल शाम अपने घर के बाहर खेल रही लड़की को अपने घर आने का प्रलोभन दिया। जब लड़की घर नहीं लौटी तो उसके परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की और बाद में पुलिस को सूचना दी।
 
 
एसपी ने बताया कि इस बीच एक पड़ोसी के पास 20 लाख रुपए की फिरौती के लिए एक फोन कॉल आया। जोरवाल ने बताया कि पुलिस ने यह कॉल ट्रेस की और एक मकान में पहुंचे। आरोपी ने यह एहसास होने पर बच्ची को मारने का फैसला किया कि पुलिस सतर्क हो चुकी है और बच्ची शोर मचा सकती है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बच्ची के पिता को लड़के की पृष्ठभूमि और उसके इरादों के बारे में पता नहीं था। (भाषा)