शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Jammu and Kashmir, Pakistan Army,
Written By Author सुरेश डुग्गर
Last Modified: शनिवार, 22 अक्टूबर 2016 (18:24 IST)

गोलों की बरसात, सैकड़ों लोगों ने किया पलायन

गोलों की बरसात, सैकड़ों लोगों ने किया पलायन - Jammu and Kashmir, Pakistan Army,
श्रीनगर। पाक सेना अब जम्मू सीमा पर गोलों की बरसात कर सीमावासियों को मजबूर कर रही है कि वे पलायन का रास्ता अपनाएं। बीएसएफ की जवाबी कार्रवाई में 11 पाक रेंजरों की मौत के बाद जम्मू सीमा के करीब दो दर्जन सेक्टरों और सब सेक्टरों में पाक सेना शुक्रवार रात से ही गोलों की बरसात कर रही है जिस कारण सीमावर्ती इलाकों में स्कूलों को बंद कर दिया गया है और सैकड़ों लोगों ने पलायन किया है। कई पशुओं के मारे जाने की खबर है।
भारतीय सेना के सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से पाकिस्तान पूरी तरह बौखलाया हुआ है। पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है और सीमा पर लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। बीते 24 घंटे में पाकिस्तान ने बीसियों बार सीजफायर का उल्लंघन किया है। भारतीय सीमा सुरक्षा बल पाक गोलीबारी का करारा जवाब दे रहे हैं।
 
जानकारी के अनुसार, हीरानगर सेक्टर पर 11 रेंजर्स की मौत से बौखलाए पाकिस्तान ने सांबा और आरएसपुरा सेक्टरों में देर रात तक फायरिंग की। एलओसी पर तारकुंडी, राजौरी, बालकोट और मेंढर में फायरिंग हुई। इस फायरिंग में एक लड़की घायल हुई है।
  
पाकिस्तान की ओर से इंटरनेशनल बॉर्डर पर सीजफायर का उल्लंघन जारी है। शुक्रवार देर शाम पाकिस्तान की ओर से आरएस पुरा सेक्टर में छोटे हथियारों से फिर फायरिंग की गई। राजौरी में भी फायरिंग हुई है। दिन में भी पाकिस्तान की तरफ से हीरानगर, सांबा और अखनूर में फायरिंग की गई। भारतीय सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। राजौरी में रात भर फायरिंग हुई। शनिवार सुबह फायरिंग बंद होने के बाद कुछ जानवरों के मारे जाने की खबर है।
 
इससे पहले, जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष विराम के उल्लंघन का मुंहतोड़ जवाब देते हुए बीएसएफ ने शुक्रवार को पाकिस्तान रेंजर्स के 11 जवानों और एक आतंकवादी को मार गिराया। संघर्ष विराम के उल्लंघन की इस घटना में बीएसएफ का एक जवान भी घायल हो गया। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने एक बयान में बताया कि पाकिस्तान रेंजर्स के जवानों ने कठुआ के हीरा नगर में भारतीय चौकियों पर सुबह करीब 9.35 बजे हमले (स्नाइपर अटैक) किए। बीएसएफ के जवानों ने पाकिस्तानी गोलाबारी का करारा जवाब दिया और इस जवाबी कार्रवाई में 11 रेंजर्स और एक आतंकवादी मारे गए।
 
पाकिस्तान रेंजर्स ने शुक्रवार रात जम्मू जिले के आरएस पुरा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर छोटे हथियारों से गोलीबारी करते हुए संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। जम्मू के उपायुक्त सिमरनदीप सिंह ने बताया कि पाकिस्तान रेंजर्स की ओर से आरएसपुरा में अब्दुलियां गांव में गोलाबारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों से कहा गया है वे घरों के भीतर रहें तथा अब तक इलाके में कोई राहत शिविर नहीं बनाया गया है। हालात पर अगले 18 घंटे तक नजर रखी जाएगी। बीएसएफ के एक अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तान रेंजर्स की गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है।
 
बीएसएफ की ओर से यह मुंहतोड़ जवाब उस वक्त दिया गया जब इसी इलाके में शुक्रवार सुबह पाकिस्तान रेंजर्स के जवानों के हमले में कांस्टेबल गुरनाम सिंह घायल हो गए। सिंह की हालत गंभीर थी और ऐसे में कवर फायरिंग करते हुए उनको बाहर निकाला गया और जम्मू स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। बीएसएफ के जवानों ने गुरुवार को इसी इलाके में छह आतंकवादियों के एक दल की घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश विफल कर दी थी। पीओके में भारतीय सेना के लक्षित हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम उल्लंघन की 40 घटनाएं हो चुकी हैं।
ये भी पढ़ें
चिंता! संघर्ष विराम की आड़ में 'साजिश' रच रहा है पाकिस्तान