• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Heat wave continues in Rajasthan
Written By
Last Updated : गुरुवार, 12 मई 2022 (23:55 IST)

Weather Update:: राजस्थान में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी, कई जिलों में लू चलने का रेड अलर्ट

heat wave
जयपुर। राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से लेकर 48.1 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, वहीं राज्य के पश्चिमी हिस्से के सभी जिलों में भीषण गर्मी और लू चलने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 48.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने इसकी जानकारी दी।
 
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को बाड़मेर 48.1 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, वहीं जालौर में अधिकतम तापमान 47.7 डिग्री, गंगानगर में 47.3 डिग्री, बीकानेर-पिलानी-फलौदी में 47.2-47.2 डिग्री, नागौर में 47 डिग्री, चुरू में 46.9 डिग्री, कोटा-बूंदी-हनुमानगढ़ में 46.7-46.7 डिग्री, बारां में 46.3 डिग्री, जोधपुर-डूंगरपुर में 46-46 डिग्री, सिरोही में 45.9 डिग्री, सवाईमाधोपुर-अलवर-करौली में 45.8-45.8 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 45.6 डिग्री और अन्य प्रमुख स्थानों में 45.1 डिग्री सेल्सियस से लेकर 43.6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
 
विभाग ने बताया कि राज्य के अधिकतर हिस्सों में बुधवार रात का तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस से लेकर 24 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकतर हिस्सों में आगामी 4-5 दिनों में भीषण लू के चलने की संभावना है।

 
जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के पश्चिमी हिस्सों के जोधपुर और बीकानेर संभाग के सभी जिलों में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की प्रबल संभावना है। इसके अलावा नागौर, पाली, शेखावटी के जिलों में भी भीषण लू की परिस्थिति रहेगी और यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
 
उन्होंने कहा कि पूर्वी राजस्थान के अधिकतर जिलों में यलों और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है यानी लू और कहीं-कहीं भीषण लू की परिस्थिति बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि 15 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी होगा जिसके असर से राजस्थान में 16 मई से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी होगी।

दिल्ली में पारा 47 के पार : दिल्ली में लू चलने की वजह से कई इलाकों में गुरुवार को अधिकतम पारा 44-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम पारा 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो बुधवार को 41.4 डिग्री सेल्सियस था। इसमें दर्ज तापमान को राष्ट्रीय राजधानी का आधिकारिक तापमान माना जाता है।
 
इसके अलावा नजफगढ़ में पारा 44.7 डिग्री, मुनगेशपुर में 45.4 डिग्री और पीतमपुरा में 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया और ये सामान्य तापमान से कम से कम 5 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 'येलो अलर्ट' जारी कर शुक्रवार और शनिवार को ज्यादातर इलाकों में लू चलने की चेतावनी दी है।
 
रविवार के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है जिसका मतलब है कि भीषण लू चल सकती है। रविवार को सफदरजंग वेधशाला में पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि तापमान अलग-अलग इलाकों में 46-47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिल्ली में पिछले रविवार से लू चलने के आसार बताए गए थे लेकिन चक्रवात 'असानी' के प्रभाव में राष्ट्रीय राजधानी में चल रही पूर्वी हवाओं ने शहर को इससे बचाया है।
ये भी पढ़ें
2nd Global Covid-19 Summit: दुनियाभर में दवाओं और वैक्सीन की समान आपूर्ति के लिए WHO में सुधार की जरूरत : पीएम मोदी