• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. crime news
Written By
Last Modified: दुबई , बुधवार, 7 अक्टूबर 2015 (22:01 IST)

पाक लड़के ने की भारतीय लड़की की हत्या

पाक लड़के ने की भारतीय लड़की की हत्या - crime news
दुबई। संयुक्त अरब अमीरात में एक पाकिस्तानी लड़के ने अपना प्रेम प्रस्ताव ठुकराने से नाराज होकर 14 साल की एक भारतीय लड़की की कथित रूप से चाकू मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को आग लगा ली।
 
खलीज टाइम्स की खबर के अनुसार लड़के की भी उम्र 14 साल है और माना जाता है कि लड़की की मां जब मौजूद नहीं थी तब वह उसके फ्लैट में गया। यह साफ नहीं है कि इसके बाद क्या हुआ लेकिन माना जा रहा है कि दोनों के बीच कोई बहस हुई।
 
खबर के अनुसार लड़की ने कथित रूप से लड़के का प्रेम प्रस्ताव ठुकरा दिया जिसके बाद उसने लड़की की चाकू मारकर उसकी जान ले ली और बाद में लड़की के घर में दोनों पर मिट्टी तेल छिड़ककर आग लगा ली।
 
पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के बाद दोनों के शव उनके परिवारों को सौंप दिए जाएंगे। खबर में कहा गया कि कमरे में मिट्टी तेल का एक कनस्तर पाया गया। मामला आगे की जांच के लिए सार्वजनिक अभियोजक के पास भेज दिया गया है। लड़की एक भारतीय नृत्य समूह की सदस्य थी।
 
समूह के एक सदस्य ने लड़की को एक ‘प्यारी बच्ची’ बताया जिसमें नृत्य को लेकर काफी जुनून था। लड़की का परिवार सदमे में है और उन्होंने मीडिया से बात करने से मना कर दिया। (भाषा)