• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Cold wave in Srinagar
Written By
Last Modified: श्रीनगर , शनिवार, 24 जनवरी 2015 (17:50 IST)

कश्मीर में शीतलहर जारी, करगिल में पारा -17 डिग्री

कश्मीर में शीतलहर जारी, करगिल में पारा -17 डिग्री - Cold wave in Srinagar
श्रीनगर। सीमावर्ती लद्दाख क्षेत्र में करगिल, जम्मू कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान है जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 17 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। पूरा राज्य शीतलहर की गिरफ्त में है।
 
मौसम विभाग के एक प्रवक्ता ने यहां बताया कि करगिल शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 17 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इससे पहले वाली रात को यहां तापमान शून्य से 11.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया था।
 
प्रवक्ता ने बताया कि लद्दाख क्षेत्र में ही स्थित लेह का न्यूनतम तापमान शून्य से 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है।
 
पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है जो एक रात पहले शून्य से 7.8 डिग्री नीचे था।
 
वाषिर्क अमरनाथ यात्रा के दौरान आधार शिविर के तौर पर इस्तेमाल किए जाने वाले दक्षिण कश्मीर में स्थित मशहूर हिल रिजॉर्ट पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है।
 
उन्होंने बताया कि दक्षिण में कश्मीर घाटी के प्रवेशद्वार काजीगुंद का न्यूनतम तापमान शून्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो एक दिन पहले शून्य से 2.4 डिग्री नीचे था।
 
प्रवक्ता ने बताया कि उत्तर कश्मीर में स्थित कुपवाड़ा का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.1 डिग्री कम रहा।
 
मौसम विभाग ने अनुमान व्यक्त किया है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और ठंड यथावत रहेगी। (भाषा)