• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. attack on VHP rally in Kasganj
Written By
Last Updated :कासगंज , शुक्रवार, 26 जनवरी 2018 (16:59 IST)

कासगंज में विहिप की रैली पर हमला, आगजनी और फायरिंग में एक की मौत

कासगंज में विहिप की रैली पर हमला, आगजनी और फायरिंग में एक की मौत - attack on VHP rally in Kasganj
कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में शुक्रवार को गणतंत्र दिवस पर विश्व हिंदू परिषद और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली गई मोटरसाइकिल रैली पर पथराव से तनाव व्याप्त हो गया। इसके बाद हुई आगजनी और फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई तथा कई अन्य घायल हो गए।
 
अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) आनंद कुमार ने बताया कि कासगंज नगर कोतवाली क्षेत्र के मथुरा-बरेली राजमार्ग के बिलराम गेट चौराहे पर विहिप और एबीवीपी के कार्यकर्ताओं पर रैली निकालते समय एक वर्ग के लोगों ने पथराव किया।
 
नारेबाजी को लेकर हुई तकरार में दोनों तरफ से पथराव हुआ। इसके बाद हुई आगजनी और फायरिंग में चंदन नामक युवक की गोली लगने से मौत हो गई तथा कई अन्य घायल हो गए। नाराज भीड़ ने कई वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की।
 
अलीगढ़ मंडल के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) संजीव गुप्ता ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर रैली निकालते समय कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव किया। आसपास के जिलों से फोर्स मंगाई गई है। उन्होंने बताया कि नगर में कर्फ्यू लगा दिया गया है। स्थिति तनावपूर्ण, किन्तु नियंत्रण में है।
 
उधर, आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक अजय आनंद ने बताया कि कासगंज में अतिरिक्त फोर्स भेजी गई है। शांति बनाए रखने के लिए कोशिश जारी है। उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। 
 
आनंद कुमार ने बताया कि यह वारदात सुनियोजित नहीं थी बल्कि अचानक हुई। मौके पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, रैपिड एक्शन फोर्स तथा पीएसी के जवान पहुंच गए हैं।
 
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भी अराजकता फैलाई है, उन्हें पहचानकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय प्रशासन ने हालात पर काबू पा लिया है। (भाषा)
ये भी पढ़ें
यरूशलम ही होगी इसराइल की राजधानी: नेतन्याहू